उज्जैन में बनेंगे चारों पीठों के शंकराचार्यों के स्थायी आवास

मध्य प्रदेश

श्रृंगेरी शंकर मठ में प्राण-प्रतिष्ठा एवं कुंभाभिषेक महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव, शंकराचार्य से लिया आशीर्वाद ::
उज्जैन । उज्जैन में चारों पीठों के शंकराचार्यों के स्थायी आवास विकसित किए जाएंगे। राज्य सरकार इस दिशा में पहल कर रही है। श्रृंगेरी पीठ के शंकराचार्य का स्थान यहां स्थापित हो चुका है, जबकि द्वारका पीठ के शंकराचार्य ने भी उज्जैन में अपना स्थान बनाने की सहमति दे दी है। इसके लिए निर्माण कार्य जारी है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को ग्राम ढेंढिया स्थित श्रीशारदापीठ श्रृंगेरी शंकर मठ के प्राण-प्रतिष्ठा एवं कुंभाभिषेक महोत्सव में कही।
मुख्यमंत्री ने श्रृंगेरी पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री विधुशेखर भारती सन्निधानम से भेंट कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने शंकराचार्य को अंगवस्त्र और फल की टोकरी भेंट कर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित मठ में मां शारदांबा, जगद्गुरु आदि शंकराचार्य और अन्य देवी-देवताओं के महाकुंभाभिषेक महोत्सव में भी सहभागिता की। मां शारदा, मां अंबा, भगवान शिव, गणेश, कार्तिक स्वामी, हनुमानजी एवं नवग्रह देवताओं की प्राण-प्रतिष्ठा के अनुष्ठान कर्नाटक के श्रृंगेरी मठ से आए विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक विधि-विधान से संपन्न कराए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदि गुरु शंकराचार्य ने देशभर में सनातन धर्म की ध्वजा स्थापित करने का महान कार्य किया था। उज्जैन में शंकराचार्यों के स्थायी आवास विकसित होने से उनके भ्रमण के दौरान यहां प्रवास की सुविधा मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि चारों पीठों के शंकराचार्यों के अपने स्थायी केंद्र उज्जैन में हों। इससे शहर की आध्यात्मिक पहचान और मजबूत होगी।
डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन को विश्व धरोहर के रूप में स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। शंकराचार्यों और आध्यात्मिक महापुरुषों के सान्निध्य से शहर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा बढ़ेगी। सिंहस्थ-2028 के दौरान और उसके बाद भी श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने में ये आध्यात्मिक केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में सिंहस्थ प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, संजय अग्रवाल, विवेक गुप्ता, संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।