:: फार्मासिस्टों की भूमिका पर पीसीआई के फार्मा उत्सव में मंथन, सांसद शंकर लालवानी और महापौर पुष्यमित्र भार्गव हुए शामिल ::
इंदौर । एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और गलत इस्तेमाल रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) की समस्या बढ़ा रहा है। इससे संक्रमण के इलाज में दवाओं का असर कम होने का खतरा पैदा हो रहा है। इस चुनौती से निपटने के लिए दवाओं का विवेकपूर्ण उपयोग और जनजागरूकता जरूरी है। बुधवार को देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के तक्षशिला परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय फार्मा उत्सव में विशेषज्ञों ने इस पर जोर दिया।
भारतीय फार्मेसी परिषद (पीसीआई), नई दिल्ली की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद शंकर लालवानी ने किया। वक्ताओं ने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का इस्तेमाल चिकित्सकीय सलाह के अनुसार ही होना चाहिए। इनके दुरुपयोग को रोकने और मरीजों को दवाओं के सही उपयोग की जानकारी देने में फार्मासिस्ट महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। चर्चा में एंटीबायोटिक के दुरुपयोग पर नियंत्रण के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की संभावनाओं और नए फार्मेसी पाठ्यक्रम की प्रासंगिकता पर भी विचार किया गया।
कार्यक्रम में पीसीआई के उपाध्यक्ष जशुभाई एच. चौधरी, सदस्य मोहम्मद बशीर, मध्य प्रदेश फार्मेसी परिषद के अध्यक्ष डॉ. संजय के. जैन, पीसीआई सदस्य डॉ. शैलेश जैन, डॉ. नीरज उपमन्यु और डॉ. अंबर व्यास उपस्थित रहे। राज्य समन्वयक डॉ. नीलेश मालवीय और डॉ. संजय जैन भी शामिल हुए।
:: विशेषज्ञों ने रोगी सुरक्षा और दवा अनुसंधान पर रखे विचार ::
पैनल चर्चा में सीएचएल अस्पताल के डॉ. डी.के. तनेजा, डॉ. सुखविंदर एस. नैयर, फार्मा सलाहकार एवं सन फार्मा के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय तिवारी, मायलन लेबोरेटरीज के प्रवीण कुमार खत्री, डॉ. सी.आर. पटेल और एमजीएम मेडिकल कॉलेज की डॉ. सविता व्यास ने रोगी सुरक्षा, औषधि उद्योग और स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्टों की जिम्मेदारी पर विचार रखे। टीसीएस मुंबई के डॉ. शिरीष डी. शेरलेकर ने क्लिनिकल ट्रायल, औषधि अनुसंधान और दवा विकास पर तकनीकी सत्र लिया।
:: विद्यार्थियों ने पोस्टर और साइंटून बनाए ::
कार्यक्रम में एएमआर विषय पर पोस्टर निर्माण, साइंटून और फार्मा क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। समापन समारोह में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राकेश सिंघई और केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) के इंदौर उपक्षेत्र के उप औषधि नियंत्रक नवनीत प्रताप सिंह शामिल हुए। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

