इंदौर की प्रेस्टीज यूनिवर्सिटी की इमारत बनी दुनिया की सर्वश्रेष्ठ बिल्डिंग

इंदौर

भारतीय बावड़ियों से प्रेरित वास्तुकला को वर्ल्ड आर्किटेक्चर फेस्टिवल 2026 में मिला वैश्विक सम्मान ::
इंदौर । इंदौर की प्रेस्टीज यूनिवर्सिटी ने वैश्विक स्तर पर शहर का गौरव बढ़ाया है। यूनिवर्सिटी की इमारत को वर्ल्ड आर्किटेक्चर फेस्टिवल 2026 में वर्ल्ड बिल्डिंग ऑफ द ईयर घोषित किया गया है। अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित फोर्ट लॉडरडेल में 20 नवंबर को आयोजित समारोह में यह सम्मान दिया गया। प्रसिद्ध वास्तुविद संजय पुरी द्वारा डिजाइन की गई इस इमारत को भारतीय स्थापत्य कला और आधुनिक वास्तुकला के अनूठे समन्वय के लिए यह सम्मान मिला।
32 एकड़ में फैली पांच मंजिला इस इमारत का डिजाइन भारत की प्राचीन बावड़ियों से प्रेरित है। इसमें 463 सीढ़ीनुमा प्लेटफॉर्म और करीब 9,000 विद्यार्थियों की क्षमता वाला ओपन एयर ऑडिटोरियम है। इन प्लेटफॉर्म का उपयोग विद्यार्थियों के आपसी संवाद, सामूहिक अध्ययन और सामाजिक गतिविधियों के लिए भी किया जाता है।
इंदौर की गर्म जलवायु को ध्यान में रखकर इमारत में छायादार आंगन और प्राकृतिक वेंटिलेशन की व्यवस्था की गई है। इससे एयर कंडीशनिंग और कृत्रिम रोशनी पर निर्भरता कम होती है। परिसर में पुस्तकालय, सेमिनार हॉल, प्रशासनिक कार्यालय और कैफेटेरिया भी खुले आंगनों के आसपास विकसित किए गए हैं।
प्रेस्टीज यूनिवर्सिटी के एमेरिटस चांसलर डॉ. डेविस जैन और चांसलर दीपीन जैन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने वास्तुविद संजय पुरी और उनकी टीम को बधाई देते हुए इसे संस्थान और देश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।