7 साल के अनघ ने तीसरी बार बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

इंदौर

10 मिनट 48 सेकंड में 50 मंत्र-श्लोक सुनाए; मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया सम्मान, पहले भी दो रिकॉर्ड बना चुके हैं ::
इंदौर । महज सात साल की उम्र में इंदौर के बाल प्रतिभावान अनघ चित्तौड़ा ने तीसरी बार वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर शहर का नाम रोशन किया है। अनघ ने 10 मिनट 48 सेकंड में 50 मंत्र एवं श्लोक बोलकर यह उपलब्धि हासिल की। उनके रिकॉर्ड को वर्ल्ड वाइड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने प्रमाणित किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अनघ से मुलाकात कर उनकी उपलब्धि की सराहना की और उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने अनघ को भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा और श्रेष्ठ संस्कारों का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
:: तीन साल की उम्र से रिकॉर्ड की शुरुआत ::
अनघ ने इससे पहले भी कम उम्र में दो वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए हैं। उन्होंने 3 वर्ष 11 माह की उम्र में संख्याओं की तुलना और 4 वर्ष 9 दिन की उम्र में 50 मसालों की पहचान कर रिकॉर्ड अपने नाम किए थे। अब सात साल की उम्र में मंत्र एवं श्लोक बोलने का तीसरा रिकॉर्ड बनाकर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ दिया है।
:: मां की साधना, पिता का प्रोत्साहन ::
अनघ की इस उपलब्धि के पीछे उनकी मां श्रद्धा चित्तौड़ा की साधना, अनुशासन और अथक मेहनत तथा पिता प्रणय चित्तौड़ा के निरंतर प्रोत्साहन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अनघ होम स्कूलिंग के माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
कम उम्र में संस्कृत मंत्रों और श्लोकों का अभ्यास कर रिकॉर्ड बनाने वाले अनघ की उपलब्धि ने यह भी दिखाया है कि अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ छोटी उम्र में ही भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ाव विकसित किया जा सकता है।