20 साल से फरार पूर्व आतंकी मंशा गिरफ्तार, हत्या समेत 13 मामलों में था वांछित

ताज़ा खबर देश-विदेश

-2007 में किया था आत्मसमर्पण, अदालत में पेश नहीं होने पर घोषित था भगोड़ा
श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 20 साल से अधिक समय से गिरफ्तारी से बच रहे एक पूर्व आतंकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रियासी जिले के थूरू लस्सोली निवासी मोहम्मद मंशा के रूप में हुई है। रियासी पुलिस की विशेष टीम ने उसे अवंतिपोरा जिले के त्राल से गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस ने भी सहयोग किया।
पुलिस के मुताबिक, मंशा के खिलाफ 2000 से 2007 के बीच कुल 13 आपराधिक मामले दर्ज हुए थे। इनमें जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) की हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश और सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
मोहम्मद मंशा के खिलाफ वर्ष 2000 में महोर थाने में आरपीसी की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने संबंधित अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया था। इसके बावजूद मंशा गिरफ्तारी से बचता रहा। रियासी के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने 6 दिसंबर 2001 को उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। बाद में उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मंशा 2000 से 2007 तक आतंकी गतिविधियों में सक्रिय रहा। वर्ष 2007 में उसने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था, लेकिन इसके बाद भी अपने खिलाफ दर्ज मामलों की कानूनी प्रक्रिया में पेश नहीं हुआ और फरार रहा। विश्वसनीय खुफिया सूचना मिलने के बाद रियासी पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। इसमें महोर थाने के पुलिसकर्मी और एटीयू के अधिकारी शामिल थे। टीम ने अवंतिपोरा पुलिस के साथ समन्वय कर त्राल में उसकी तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया।