गुजरात में हाइरॉक्स का भव्य आगाज, 46 देशों के 6,000 एथलीट दिखाएंगे दमखम

देश-विदेश

उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने किया अंतरराष्ट्रीय फिटनेस प्रतियोगिता का उद्घाटन

खुद भी ट्रैक पर दौड़कर खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह; खेल पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
गांधीनगर | गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने गुरुवार को हाइरॉक्स अहमदाबाद संस्करण का उद्घाटन किया। गांधीनगर हेलिपैड ग्राउंड में 26 से 28 नवंबर, 2026 के दौरान अंतरराष्ट्रीय फिटनेस प्रतियोगिता हाइरॉक्स का आयोजन किया गया है।
तीन दिनों के दौरान लगभग 6,000 एथलीट इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। इसमें भारत के अन्य राज्यों से लगभग 3,000 एथलीट और 46 देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 250 से अधिक विदेशी एथलीट शामिल हैं। इस प्रतियोगिता में लगभग 8,000 दर्शक की उपस्थित रहेगें।
खिलाड़ियों के उत्साह में वृद्धि करते हुए उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी एथलीटों के साथ प्रतियोगिता में सहभागी बने। उप मुख्यमंत्री ने ट्रैक पर दौड़ लगाकर हाइरॉक्स के विभिन्न फंक्शनल वर्कआउट स्टेशनों पर भी हाथ आजमाया। उद्घाटन अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने एरीना फ्लोर पर उपस्थित प्रतियोगियों तथा दर्शकों के साथ संवाद कर व्यवस्थाओं के बारे में चर्चा की।
उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने गुजरात के आर्थिक और पर्यटन क्षेत्र को मजबूत बनाने में वैश्विक खेल प्रतियोगिताओं की रणनीतिक भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय एंड्योरेंस प्रतियोगिताओं का आयोजन राज्य में निश टूरिज्म (विशिष्ट पर्यटन) को उल्लेखनीय गति प्रदान करता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात में इतने विशाल स्तर पर अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन करना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और आगामी समय में गुजरात में आयोजित होने वाले मेगा स्पोर्ट्स इवेंट्स की मेजबानी के लिए राज्य को तैयार करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। पूरे भारत से आए लगभग 3,000 एथलीट और 46 देशों के 250 से अधिक अंतरराष्ट्रीय एथलीट यहाँ प्रतियोगिता कर रहे हैं।
इस प्रकार की प्रतियोगिता हमें वैश्विक दर्शकों के समक्ष गुजरात की आतिथ्य और विविध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती है। प्रतियोगिता के अलावा एथलीट और अन्य प्रतिनिधि धरोई, पोलो फॉरेस्ट, सोमनाथ और कच्छ सहित राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों का दौरा करेंगे।

  • हाइरॉक्स के बारे में
    हाइरॉक्स सभी वर्गों के लोगों के लिए एक वैश्विक फिटनेस रेस है, जो एक प्रमाणित इनडोर एरीना प्रारूप में फंक्शनल स्ट्रेंथ वर्कआउट्स और एंड्योरेंस रनिंग का समन्वय करती है। विश्वभर के एथलीट एक समान रेस प्रारूप में प्रतिस्पर्धा करते हैं, जो पारंपरिक एंड्योरेंस इवेंट्स और फंक्शनल फिटनेस के बीच सेतु का काम करता है।
    वैश्विक स्तर पर प्रसिद्ध इनडोर फिटनेस रेसिंग श्रृंखला को गुजरात पर्यटन विभाग द्वारा गुजरात में लाने के इस प्रयास को देशभर और अंतरराष्ट्रीय स्तर से जबरदस्त प्रतिसाद मिला है।