अहमदाबाद | मध्य गुजरात स्थित पावागढ़ में बिराजमान महाकाली माता को एक भक्त ने रु. 60 लाख कीमत का सवा किलो का सोने से बना छत्र समर्पित किया है| साथ ही मंदिर के जिर्णोद्धार के लिए रु. 1.11 करोड़ भी दान में दिए हैं| देव देवाली के अवसर पर शुक्रवार को साबरकांठा के हिम्मतनगर निवासी बाबुलाल सोनाजी राजपुरोहित समेत उनके पुत्रों ने सोने का छत्र और रु. 1.11 करोड़ का चेक पावागढ़ मंदिर के ट्रस्टियों को अर्पण किया| बाबुलाल राजपुरोहित के पुत्र अमृतभाई ने बताया कि उनके पिता की कई वर्षों से सोने का छत्र महाकाली माता को समर्पित करने की इच्छा थी, जो देव देवाली के अवसर पूर्ण हुई है| देव दिवाली पर पहली बार अन्नकूट का भी सौभाग्य उन्हें प्राप्त हुआ है| बाबूलाल राजपुरोहित ने बताया कि वह पिछले 26 साल से महाकाली माता के दर्शन करने आ रहे हैं| हमारे गुरुजी ब्रह्मनंदजी महाराज की प्रेरणा और महाकाली माता की असीम कृपा से सवा किलो सोने का छत्र मंदिर को समर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है| साथ ही मंदिर के जिर्णोद्धार के लिए रु. 1.11 करोड़ का चेक देवी माता के चरणों में भेंट किया है|