कोहिमा । मणिपुर में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने है। सत्तारूढ़ भाजपा ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इसी कड़ी में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को मणिपुर पहुंचे थे। मणिपुर में सभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि मणिपुर में मातृशक्ति का सामाजिक और आर्थिक योगदान बहुत गहरा है। यहां का ईमा मार्केट सिर्फ महिलाओं द्वारा चलाया जाता है। महिला सशक्तिकरण का दूसरा नाम मणिपुर है। कॉमनवेल्थ और ओलंपिक खेलों में मणिपुर के खिलाड़ी मेडल्स की झड़ी लगा देते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत मणिपुर में 8 करोड़ गैस कनेक्शन दिए गए,इसमें 1.56 लाख इंफाल में दिए। पहले महिलाएं पेड़ काटकर लकड़ी इकट्ठा करती थीं उसके बाद घर में आकर चूल्हा जलाकर उसपर भोजन तैयार कराती थी। आज इस सुविधा के बाद महिलाएं लाइटर जलाकर सारे काम कर लेती हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि भाजपा महिलाओं को आगे लाकर खड़ा करती है। भारत की पहली महिला रक्षा मंत्री, पहली महिला शिक्षा मंत्री, पहली महिला विदेशमंत्री और पहली महिला वित्तमंत्री -सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नियुक्त किया। इसके अलावा 12 केंद्रीय मंत्री आज महिलाएं हैं।उन्होंने दावा किया कि मणिपुर की सरकार ने कई मानकों पर अच्छा प्रदर्शन किया है उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढाओ’ अभियान के तहत लिंग अनुपात में सुधार किया है। उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाया है और शिशु और मातृ मृत्यु दर को भी कम किया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत मणिपुर में 2.60 लाख शौचालय बन चुके हैं। शौचालय निर्माण से महिलाओं को सशक्त किया गया है।
नड्डा ने कहा कि 5 साल पहले मणिपुर किस पर चर्चा कर रहा था? रोडब्लॉक, नाकेबंदी-3 दिन, 3 महीने या 3 साल के लिए भी। अब बीरेन सिंह जी के नेतृत्व में अब कोई रुकावट नहीं है। उन्होंने पूछा कि पीएम मोदी से पहले क्या कोई पीएम पूर्वोत्तर में आया था? पीएम मोदी पिछले कुछ सालों में 50 बार पूर्वोत्तर की यात्रा कर चुके हैं। हमने ये संकल्प लिया है कि एन बीरेन सिंह के नेतृत्व में ऑर्गेनिक मणिपुर बनाया जाएगा। मणिपुर में ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। पूरे देश में मणिपुण ऑर्गेनिक प्रदेश के रूप में उबरेगा।