जंग के बीच शांति की उम्मीद,यूक्रेन-रूस सीमा पर करेंगे बातचीत

मास्को/कीव, । यूक्रेन में जंग छेड़ चुका रूस एक बार फिर से बातचीत के लिए तैयार है। रूस ने खुद यूक्रेन से वार्ता की पेशकश की है। इसके लिए रूसी प्रतिनिधिमंडल को बेलारूस भी भेजा गया है। खबर है कि, इस बार रूस बिना शर्त बातचीत के लिए तैयार हो गया है। रूस की ओर से बातचीत की पेशकश और बेलारूस में प्रतिनिधिमंडल भेजे जाने के बाद यूक्रेन भी शर्त रखने के बाद हामी भर दी है। देर रात यूक्रेन और रूस के डेलिगेशन बेलारूस और यूक्रेन को जोडऩे वाली सीमा पर बातचीत कर सकते हैं। हालांकि, दोनों दी देशों की तरफ से इस बारे में ऑफिशियल स्टेटमेंट नहीं आया है। इसके पहले दिनभर ये खबरें आती रहीं कि यूक्रेन के राष्ट्रपति अपने किसी मेंबर को बातचीत के लिए बेलारूस भेजने को तैयार नहीं हैं, क्योंकि वो सीधे तौर पर जंग में रूस के साथ है। बहरहाल, अब ये तय हुआ है कि बातचीत बॉर्डर पर होगी।
रूस के हमले में 240 आम नागरिकों की मौत
रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग में सैंकड़ों लोग मारे गए हैं। संयुक्त राष्ट्र की ओर से पुष्टि की गई है कि रूस की ओर से किए गए हमले में अभी तक 240 लोगों की मौत हुई है। वहीं यूक्रेन ने रूस के चेचन स्पेशल फोर्स के शीर्ष कमांडर मैगोमेद तुशैव को मार गिराया है।
यूक्रेन में रूस ने उड़ा दी गैस पाइपलाइन
यूक्रेन के आंतरिक इलाकों में रूस की सेना प्रवेश कर गई है और तबाही मचा रही है। रूस की सेना ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में एक गैस की पाइपलाइन उड़ा दी। वहीं जर्मनी और फ्रांस ने यूक्रेन की मदद का आश्वासन दिया है। रूस की सेना कीव से मात्र चार किलोमीटर की दूरी पर एक नदी के किनारे रुकी है। वहीं यूक्रेन के सैनिकों ने शहर के किनारे घेराबंदी कर रखी है।
रूसी सैनिकों ने बैंक का लॉकर तोड़ा
रूसी सेना ने यूक्रेन की घेराबंदी कर ली है। शहरों में घुसे रूसी सैनिक लूटपाट कर रहे हैं। खार्किव पर कब्जा करने के बाद रूसी सैनिकों ने एक बैंक लूट लिया, तो वहीं एक डिपार्टमेंटल स्टोर में घुसकर सामान भी उठाते नजर आए। इधर, रूसी हमले के बाद कीव, खार्किव, मेलिटोपोल जैसे बड़े शहरों में हर जगह बर्बादी दिख रही है। मिसाइल हमलों से इमारतें बर्बाद हो गई हैं।
खारकीव पर यूक्रेन का फिर से कब्जा
यूक्रेन और रूस के बीच घमासान जंग जारी है। रूसी सेना ने यूक्रेन के कई शहरों पर अपना कब्जा कर लिया है। इसी बीच देश के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में भी दोनों देशों के बीच जंग देखने को मिली। इस शहर पर रूसी सेना घुसने में कामयाब हो गई थी और कब्जा कर लिया था। लेकिन यूक्रेन सैनिकों ने दोबारा से शहर पर अपना कब्जा स्थापित करने में कामयाब हो गया।