मंत्री श्री पटेल ने किया तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ

भोपाल। सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने रविवार की सुबह बड़वानी जिला चिकित्सालय में नवजात बच्चों को पोलियो निवारक वैक्सीन पिलाकर तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान कलेक्टर सहित अन्य अतिथियों ने जिला चिकित्सालय में जन्मे एवं भर्ती 100 से अधिक बच्चों को पोलियो की ड्राप पिलाई। प्रदेश में 27, 28 फरवरी और 2 मार्च को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हम सबका दायित्व है कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पल्स पोलियो निवारक वैक्सीन पिलवाये। जिससे हमारे बच्चे के साथ आस-पड़ोस के नौनिहाल भी इस बीमारी से सुरक्षित बने रह सकें।