नई दिल्ली में गुरुवार को आम आदमी पार्टी के समर्थक पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत

नई दिल्ली । आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के लोगों ने कमाल कर दिया। पंजाब में यह बहुत बड़ा इंकलाब है। पंजाब में बड़ी-बड़ी कुर्सियां हिल गईं। सुखबीर सिंह बादल, कैप्टन अमरिंदर सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी, प्रकाश सिंह बादल, नवजोत सिंह सिद्धू, बिक्रम सिंह मजीठिया हार गए।
उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने कहा था कि आजादी मिलने के बाद अगर हमने सिस्टम नहीं बदला, तब कुछ नहीं होगा। दोस्तो दुख की बात है कि पिछले 75 साल से इन पार्टियों और नेताओं ने अंग्रेजों वाला सिस्टम रखा हुआ था। यह लोग देश को लूट रहे थे। कोई भी स्कूल और अस्पताल नहीं बनाए। लोगों को जानबूझकर गरीब रखा गया।
उन्होंने कहा कि आप ने पिछले 7 सालों में अंग्रेजों वाला सिस्टम बदला है। हम लोगों ने ईमानदार राजनीति की और लोगों के काम की शुरुआत की है। अब स्कूल बनने लगे हैं, गरीबों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलने लगी है। बाबा साहेब अंबेडकर और भगत सिंह का सपना पूरा होने लगा है। लेकिन यह इतना आसान नहीं है, यह सभी लोग एकसाथ मिलकर आज देश को आगे बढ़ने से रोकना चाहती है।
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में बड़े-बड़े षड़यंत्र किए गए थे, सभी लोग आप के खिलाफ एकजुट हो गए थे और उनका एक ही मकसद था कि सिर्फ आम आदमी पार्टी नहीं आनी चाहिए और फिर अंत में सभी लोगों ने एकजुटता होकर बोला था कि केजरीवाल आतंकवादी है। लेकिन नतीजों के माध्यम से देश की जनता ने बता दिया,कि केजरीवाल आतंकवादी नहीं है। बल्कि वह देश का सच्चा सपूत और देशभक्त है। जनता ने अपना नतीजा सुना दिया है।
उन्होंने कहा कि जनता ने बता दिया कि केजरीवाल आतंकवादी नहीं है बल्कि वह लोग हैं, जिन्होंने देश को लूटा है। उन्होंने कहा कि अब सभी लोगों को नया भारत बनाने का संकल्प लेना है। जहां पर एक इंसान दूसरे इंसान से प्यार करेगा, वहां पर नफरत के लिए कोई जगह नहीं होगी। एक ऐसा भारत बनाएंगे जहां पर कोई भूखा नहीं सोएगा, मां-बहनें सुरक्षित होंगी, अमीरों और गरीबों के बच्चों को एक जैसी शिक्षा मिलेगी, खूब सारे मेडिकल की शिक्षा मिलेगी।