नई दिल्ली । दिल्ली में शनिवार सुबह तक कोविड से संक्रमित करीब 14 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 12 बच्चों को दिल्ली के कलावती सरन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोविड के कारण अस्पताल में भर्ती होने के करीब 53 मामले हैं। हालांकि अस्पतालों में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या में इजाफा नहीं हुआ है।
दिल्ली में 3.95 प्रतिशत की सकारात्मकता दर के साथ 366 कोविड मामले दर्ज किए गए। राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ दिनों में कोरोनावायरस के मामलों में तेजी देखी जा रही है। हालांकि दिल्ली सरकार ने कहा है कि चिंता की कोई बात नहीं है। दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने शुक्रवार को छात्रों के लिए दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि स्कूलों को बंद करना ही आखिरी विकल्प है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, “स्कूलों को बंद करना अंतिम विकल्प होगा। यदि आवश्यक हुआ तो आंशिक रूप से बंद किया जाएगा।
कोरोना वायरस के एक नए स्वरूप के खतरे के बीच दिल्ली में हाल में कोविड-19 से संक्रमित पाए गए लोगों से लिए गए करीब 300 नमूनों को जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजा गया है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। जीनोम अनुक्रमण यह पता लगाने के लिए किया जाता है कि क्या एक्सई जैसा कोई नया स्वरूप शहर में फैला है या नहीं। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में कुछ दिनों पहले कोविड-19 से संक्रमित पाए गए लोगों से लिए गए करीब 300 नमूनों को जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि जीनोम अनुक्रमण में करीब सात से 10 दिन लगेंगे।