पूर्व स्वास्थ्य मंत्री जयनारायण व्यास हुए कांग्रेस के 4 नवंबर को दिया था भाजपा से इस्तीफा

अहमदाबाद | भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री जयनारायण व्यास ने आज कांग्रेस जॉइन कर ली| व्यास ने गत 4 नवंबर को भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस या आप में शामिल होने के संकेत दिए थे| बीते दिन पाटण जिले के सिद्धपुर सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी के लिए वोट मांगने पर साफ हो गया था कि वह जल्द ही कांग्रेस जॉइन कर सकते हैं| गुजरात प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव गांधी भवन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जयनारायण व्यास का कांग्रेस में स्वागत किया| जयनारायण व्यास के साथ ही एपीएमसी के पूर्व चेयरमैन समीर व्यास भी कांग्रेस में शामिल हो गए| गौरतलब है जयनारायण व्यास गुजरात भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे हैं| पाटण जिले की सिद्धपुर विधानसभा सीट से 4 दफा चुनाव जीत चुके जयनारायण व्यास गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री केशूभाई पटेल और उसके बाद नरेन्द्र मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं| वर्ष 2007 से 2012 तक जयनारायण गुजरात में कैबिनेट मंत्री रहे हैं| वर्ष 2012 में सिद्धपुर सीट से चुनाव हारने के बाद जयनारायण पार्टी में अलग-थलग पड़ गए| खासकर विजय रूपाणी की सरकार में व्यास हासिए पर चले गए थे| बावजूद इसके जयनारायण व्यास टीवी डिबेट में सरकार की ओर से जोरदार दलीले करते रहे| गुजरात चुनाव में व्यास ने सिद्धपुर सीट से टिकट मांगा था| लेकिन टिकट नहीं मिलने से व्यास नाराज हो गए थे| बाद में उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ अहमदाबाद के सर्किट हाउस में मुलाकात की थी| तब से कयास लगाए जा रहे थे कि वह कांग्रेस जॉइन कर सकते हैं| हांलाकि मुलाकात पर व्यास ने कहा कि नर्मदा पर वह एक किताब लिख रहे हैं और उसी संदर्भ में उन्होंने अशोक गहलोत के साथ मुलाकात की थी| व्यास के कांग्रेस में शामिल होने के कयासों को तब बल मिला जब बीते दिन उन्होंने सिद्धपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार चंदन ठाकोर के लिए वोट मांगे| सोमवार को जयनारायण व्यास ने विधिवत कांग्रेस जॉइन कर ली|