दिल्ली में तो घाटी जैसी सर्दी!पारा माइनस में पहुंचा

दिल्ली में 17-18 जनवरी को तापमान 1-2 डिग्री के बीच रह सकता है
नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली में कश्मीर घाटी जैसी सर्दी महसूस की जा रही है। लोग सोमवार सुबह ऑफिस के लिए निकले तो बोल पड़े कि दिल्ली में तो घाटी जैसी सर्दी आ गई है। हाथों-पैरों में गलन महसूस हो रही है और सुबह सफदरजंग में तापमान 1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। आसमान साफ है और कोहरा नहीं है लेकिन शीत लहर अगले दो दिन और परेशान करने वाली है। उधर दिल्ली का उजवा इलाका दो दिन से चर्चा में आ गया है। यहां सुबह न्यूनतम तापमान -0.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। मौसम ‎विभाग के मुता‎बिक दिल्ली में 17-18 जनवरी को तापमान 1-2 डिग्री के बीच बना रह सकता है। कोल्ड वेव कल और तेज रहेगी। एक दिन पहले भी उजवा में तापमान -0.1 डिग्री सेल्सियस आ गया था। उजवा दिल्ली के दक्षिण पश्चिम क्षेत्र में है। गुरुग्राम में भी तापमान 0.1 डिग्री पर आ गया। ऐसे हालात में बच्चों के स्कूल भी खुल गए हैं। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार सुबह लोधी रोड पर 1.6 डिग्री सफदरजंग में 1.4 डिग्री तापमान रहा है। आसमान साफ रहने से दिल्ली-एनसीआर में कोहरा नहीं है। दिन में अच्छी धूप हो रही है। ऐसे में पहले की शीत लहर से मौजूदा हालात की तुलना नहीं की जा सकती है। केवल रात को और सुबह तड़के दिल्ली में कोल्ड वेव की स्थिति है।
उत्तर-पश्चिम भारत में राजस्थान का फतेहपुर सबसे ठंडा स्थान रहा है। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। पंजाब के फरीदकोट में तापमान -1 डिग्री सेल्सियस रहा है। पंजाब राजस्थान हरियाणा दिल्ली और पश्चिमी मध्य प्रदेश में रविवार से शीत लहर चल रही है और इसके चलते सर्दी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार 17-18 जनवरी को भारत के उत्तरी-पश्चिमी और मध्य इलाके में तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस गिर सकता है। राजस्थान पंजाब हरियाणा और दिल्ली में शीत लहर चलती रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश पंजाब हरियाणा और राजस्थान के कुछ इलाकों में आज से अगले 72 घंटों के दौरान बर्फ जमने की आशंका है। बिहार की राजधानी पटना में धूप हो रही है जिससे ठंड से आज थोड़ी राहत है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन ‎दिन कड़ाके की ठंड हो सकती है। न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी धूप खिली हुई है। हल्की ठंड महसूस हो रही है और तापमान 9 डिग्री के आसपास है। झारखंड में भी धूप हो रही है और दिन में थोड़ी राहत है।
राजस्थान में शीत लहर का प्रकोप जारी है। यहां फतेहपुर और चूरू सबसे ठंडे स्थान बने हुए हैं। रविवार को यहां तापमान -4.7 डिग्री और -2.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जयपुर में धूप खिली हुई है लेकिन ठंडक बरकरार है। कश्मीर में ज्यादातर जगहों पर रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में और भी गिरावट होने का अनुमान जताया है। 18 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर में मौसम शुष्क रहेगा और रात के तापमान में और भी कमी आएगी। पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर को 19 से 25 जनवरी तक प्रभावित कर सकता है जिससे 23-24 जनवरी के बीच बारिश या बर्फबारी की संभावना है। कश्मीर इस समय चिल्लई कलां की चपेट में है जिसमें सबसे कठोर मौसम अवधि की आशंका होती है। इस दौरान बर्फबारी की संभावना होती है। चिल्लई कलां की शुरुआत 21 दिसंबर से हुई और यह 30 जनवरी को खत्म होगी।