नीलांचल धाम की भागवताचार्य सुश्री सर्वेश्वरीदेवी करेंगी कथामृत की वर्षा

इन्दौर । भगवान राधा कृष्ण राम दरबार एवं अपने स्वर्गीय माता-पिता की प्रतिमाओं की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने पर सुखदेव नगर एरोड्रम रोड स्थित सुखदेव वाटिका पंचवटी हनुमान मंदिर पर शुक्रवार 3 फरवरी से गुरुवार 9 फरवरी तक प्रख्यात भागवताचार्य नीलांचल धाम ओंकारेश्वर की सुश्री सर्वेश्वरीदेवी के श्रीमुख से श्रीमद भागवत ज्ञान यज्ञ का दिव्य आयोजन होगा। संयोजक ठा. विजयसिंह परिहार ने बताया कि कथा का शुभारंभ शुक्रवार 3 फरवरी को सुबह 10 बजे परिहार कालोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर से सुखदेव वाटिका तक भागवतजी की भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भागवतजी एवं कथा व्यास सर्वेश्वरी देवी के स्वागत के लिए मंच भी बनाए गए हैं। संगीतमय कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 6 बजे तक होगी। कथा स्थल पर भक्तों की सुविधा के लिए पर्याप्त बैठक व्यवस्था साफ-सफाई रोशनी पेयजल वाहन पार्किंग आदि के प्रबंध किए गए हैं। भागवताचार्य सुश्री सर्वेश्वरीदेवी देश के अनेक धर्मस्थलों पर अपनी वाणी एवं ज्ञान का जादू प्रवाहित कर चुकी हैं। शहर में उनके सानिध्य में यह पहला दिव्य आयोजन हो रहा है।