-पहले पीएम मोदी का अपमान और अब पूरे बिहार का किया अपमान
पटना। बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होना हैं। इसे लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं और वरिष्ठ नेताओं के बीच जुबानी जंग जारी है। इस बीच केरल कांग्रेस के एक पोस्ट पर बवाल मच गया। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर केरल कांग्रेस के पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा- पहले हमारे पीएम मोदी का अपमान और अब पूरे बिहार का अपमान, यही है कांग्रेस का असली चरित्र, जो बार-बार देश के सामने उजागर हो रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस बिहारियों की तुलना बीड़ी से करती है। पहले भी तेजस्वी यादव और राहुल गांधी रेवंत रेड्डी जैसे लोगों का साथ देते रहे हैं, जिन्होंने बिहार और बिहारियों को गाली दी थी। कांग्रेस बिहार विरोधी है। राजद बिहार विरोधी है। बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कांग्रेस द्वारा बीड़ी की तुलना बिहार से करने पर कहा कि इससे कांग्रेस की मानसिकता उजागर हुई है कि वह बिहार और बिहारी के बारे में क्या सोचते हैं। आज बिहार की जनता खुद को अपमानित महसूस कर रही है और कांग्रेस से सवाल पूछ रही है कि बिहारी के प्रति यह मानसिकता क्या है।
उन्होंने कहा कि बिहार के प्रति कांग्रेस की जो सोच है, यह दिखता है। केरल कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि बीड़ी और बिहार शब्द बी से शुरू होते हैं। अब इसे पाप नहीं माना जा सकता। साथ ही उन्होंने जीएसटी का स्लैब भी शेयर की, जिसमें तंबाकू, सिगार और सिगरेट पर जीएसटी 28 फीसदी से बढ़ाकर 40 फीसदी कर दी गई है, जबकि बीडी पर टैक्स 28 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया है।
इससे पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार बंद के सफल आयोजन पर कहा कि मैं बिहार की माताओं, बहनों और सभी महिलाओं को दिल से धन्यवाद देता हूं। उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से बीजेपी महिला मोर्चा के साथ मिलकर इस बिहार बंद को सफल बनाया।