विमान 33 केवी बिजली के तार से टकराकर गिरा, पूरे इलाके की बिजली गुल
सिवनी । मध्यप्रदेश की सुकतारा हवाई पट्टी से करीब दो किलोमीटर दूर एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर आमगांव के खेतों के पास 33 केवी वाले बिजली के तार से टकराने के बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अकादमी के प्रतिनिधियों ने पुलिस को बताया कि विमान का इंजन उड़ान के लिए जरूरी ऊर्जा नहीं बना पा रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार शाम को हुई जब जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर सिवनी-नागपुर मार्ग पर सुकतारा हवाई पट्टी से करीब दो किलोमीटर दूर आमगांव के खेतों के पास ‘रेडवर्ड एविएशन कंपनी का एक प्रशिक्षण विमान बिजली के तार से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में पायलट अजीत चावड़ा और एक अन्य यात्री घायल हुआ है। दोनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हवाई पट्टी पर उतरते समय प्रशिक्षण विमान का निचला हिस्सा बादलपार सबस्टेशन की 33 केवी बिजली के तार से टकरा गया। अधिकारी ने बताया कि इस दौरान बिजली का तार टूट गया और प्रशिक्षण विमान जमीन पर गिर गया। अधिकारी ने बताया कि तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना मिलने पर बिजली विभाग के कर्मचारी, ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। मध्यप्रदेश पूर्वी क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, सिवनी मंडल के अधिशासी अभियंता सुभाष राय ने बताया कि बिजली लाइनों के क्षतिग्रस्त होने के कारण बादलपार और ग्वारी सबस्टेशनों के आसपास के करीब 80 से 90 गांव अंधेरे में डूब गए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारी बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए तारों की मरम्मत का काम कर रहे हैं।

