जबलपुर में भाजपा की ढाई किमी लंबी पदयात्रा, एक लाख से अधिक लोग हुए शामिल

मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, हेमंत खण्डेलवाल और केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कांग्रेस पर साधा निशाना
जबलपुर/भोपाल । ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ संकल्प के साथ सोमवार को जबलपुर के शहीद स्मारक गोल बाजार में भाजपा ने ढाई किलोमीटर से अधिक लंबी पदयात्रा निकाली। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल और केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल शामिल हुए। पदयात्रा में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया गया। नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जो कांग्रेस नेता नेताजी सुभाषचंद्र बोस के नहीं हुए, वे किसी के सगे नहीं हो सकते। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी न्याय की बात करते हैं, लेकिन उनकी दादी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को नहीं माना था। कांग्रेस चुनाव हारने के बाद कभी ईवीएम, कभी चुनाव आयोग तो कभी एसआईआर पर सवाल उठाती है। जनता कांग्रेस को देश की सत्ता संभालने योग्य नहीं मानती।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि एसआईआर का विरोध करने वाली कांग्रेस के शासनकाल में भी कई बार विशेष गहन पुनरीक्षण हुआ है। उन्होंने राहुल गांधी पर चुनावों में लगातार हार को लेकर निशाना साधा और विदेशी ताकतों से धन लेकर देश को अस्थिर करने वालों को बेनकाब करने की अपील की।
केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि राहुल गांधी लोकतांत्रिक संस्थाओं को धमकाकर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस अपनी राजनीतिक साख खो चुकी है। उन्होंने जनता से लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।