कैबिनेट का बड़ा फैसला : बड़वाह-धामनोद 4-लेन मार्ग के लिए 2508 करोड़ मंजूर

मध्य प्रदेश

:: आंगनवाड़ी व पोषण अभियान 5 साल और रहेगा जारी; तहसील स्तर पर लगेंगे ऑटोमैटिक मौसम केंद्र ::
भोपाल/इंदौर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में आयोजित मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर मुहर लगाई गई। कैबिनेट ने बड़वाह-धामनोद मार्ग को 4-लेन बनाने के लिए 2,508 करोड़ 21 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल पर आधारित इस 62.79 किमी लंबी सड़क परियोजना के तहत 10 बायपास, 5 बड़े पुल और 23 मध्यम पुलों का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही भू-अर्जन और जंक्शन सुधार के कार्य भी होंगे, जिससे निमाड़ अंचल में यातायात सुगम होगा।
मंत्रि-परिषद ने सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 योजना को आगामी 5 वर्षों (2026-27 से 2030-31) के लिए निरंतर रखने की स्वीकृति दी है। यह योजना प्रदेश के सभी 55 जिलों की 453 बाल विकास परियोजनाओं के तहत 97,882 आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित होगी। इसमें पूरक पोषण आहार, शाला पूर्व शिक्षा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शामिल है। इसके अलावा, जबलपुर स्थित मध्यप्रदेश धर्मशास्त्र राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के द्वितीय चरण के निर्माण कार्यों के लिए 197 करोड़ 13 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे एकेडमिक ब्लॉक और स्टाफ क्वार्टर्स का निर्माण होगा।
किसानों के हित में एक बड़ा निर्णय लेते हुए कैबिनेट ने 434 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से प्रत्येक तहसील स्तर पर स्वचालित मौसम केंद्र (वेदर स्टेशन) और ग्राम पंचायत स्तर पर स्वचालित रेनगेज स्थापित करने की मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के WINDS कार्यक्रम के तहत यह कदम उठाया गया है। इससे मौसम के सटीक और उच्च गुणवत्ता वाले आंकड़े उपलब्ध होंगे, जिससे फसल बीमा का क्रियान्वयन तेज होगा और प्राकृतिक आपदा के समय किसानों को राहत पहुंचाने में आसानी होगी।