:: महू-ब में मकान पर दबिश, 1.54 लाख रुपये की शराब पकड़ी ::
इंदौर । आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महू-ब के बंजारी स्थित सनराइज टाउन के एक मकान से 34 पेटी शराब जब्त की। इनमें 4 पेटी लंदन प्राइड व्हिस्की, 6 पेटी लिमाउंट बीयर, 16 पेटी देसी प्लेन और 8 पेटी देसी मसाला मदिरा शामिल है। जब्त शराब की मात्रा 324 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 1 लाख 54 हजार 160 रुपये है।
मुखबिर की सूचना पर आबकारी उपनिरीक्षक राजेश वट्टी और टीम ने मकान पर दबिश दी। कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में की गई।
आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शराब के स्रोत और मामले में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।
कार्रवाई में मुख्य आरक्षक ओमप्रकाश राठौड़, रवींद्र बघेल तथा आरक्षक सावन सिसोदिया और राशि सोलट का योगदान रहा।

