होलकर कॉलेज के विद्यार्थियों ने किसानों के घर और खेत पर पहुंच मनाया किसान दिवस दी शुभकामनाएं

इंदौर

इन्दौर समीपस्थ ग्राम दातोदा में ढोल ताशे के साथ होलकर विज्ञान महाविद्यालय के सीड टेक्नोलॉजी विभाग के विद्यार्थियों ने पहुंच कर गांव के किसानों के साथ किसान दिवस मनाया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ मौजूद प्राचार्य डॉ. अनामिका जैन ने कहा कि हमारे भोजन की थाली सजाने वाले किसान ही हैं। हमें उनके प्रति हर दिन आभार व्यक्त करना चाहिए। विभागाध्यक्ष डॉ. प्रीति चतुर्वेदी ने कहा किसानों के बीच बैठकर आनंद मिला। विद्यार्थियों ने खेत पर सामूहिक भोजन किया। किसानों एवं उनके परिवारजनों के लिए यह एक अनोखा अनुभव था। वहीं किसानों ने कहा कि पहली बार कोई उनके घर एवं खेत तक किसान दिवस की शुभकामनाएं देने आया है। विद्यार्थियों ने घर एवं खेत पर पहुंच किसानों को तिलक लगाकर पुष्प एवं श्रीफल भेंट किया एवं शुभकामना दी साथ ही ग्राम दर्शन कर कृषि से जुड़ी जानकारियां प्राप्त की। इस दौरान विभाग के फैकल्टी धर्मेंद्र जाट, गोविंद जाट, पूजा क्षीरसागर, ऋतिक बागरी, सचिन गलफत, दीपा मकोड़े, कविता भाबर के साथ अनेक विद्यार्थी मौजूद रहें।