शो ‘जाने अनजाने हम मिले‘ में खुलासा होगा कि राघव (भरत अहलावत) को ब्लैकमेल करने के लिए जिन छेड़छाड़ की गई तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया था, उनके पीछे कोई और नहीं बल्कि कीर्ति ही है। कहानी में कीर्ति की एंट्री एक पूरी तरह पॉजिटिव किरदार के तौर पर हुई थी, लेकिन हालात और जज़्बाती धोखे ने उसके सफर को बिल्कुल अलग दिशा में मोड़ दिया। कीर्ति का किरदार निभा रहीं गौरी अग्रवाल इस जबर्दस्त बदलाव को पर्दे पर उतारने को लेकर खासा उत्साहित हैं। अपने किरदार पर बात करते हुए गौरी कहती हैं, “मैं ये नहीं कह सकती कि मैं कीर्ति से जुड़ाव महसूस करती हूं, लेकिन मैं यह जरूर समझ सकती हूं कि वो किन हालात से गुजर रही है। गौरी बताती हैं कि उन्हें हमेशा से मजबूत और पेचीदा किस्म के महिला किरदार आकर्षित करते रहे हैं। वो कहती हैं, “मैंने कई बार ऐसे महिला किरदारों के बारे में सुना है जो जुनूनी प्रेमी होते हैं, लेकिन जिसने मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित किया, वो था फिल्म ‘ऐतराज़‘ में प्रियंका चोपड़ा का सोनिया वाला किरदार।

