इंदौर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा निर्णय : अब 7 सेक्टरों में चलेंगे ई-रिक्शा, रंगीन कोडिंग से होगी पहचान

मध्य प्रदेश

डीसीपी ट्रैफिक ने जारी किए दिशा-निर्देश; रूट उल्लंघन रोकने के लिए ई-रिक्शा पर लगेंगे विशेष क्यूआर कोड और स्टीकर
इन्दौर । इंदौर शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में एक नई सेक्टर प्रणाली लागू की जा रही है। इस योजना के क्रियान्वयन हेतु आज पुलिस कंट्रोल रूम पलासिया में डीसीपी ट्रैफिक आनंद कलादगी की उपस्थिति में ई-रिक्शा चालकों और उनके प्रतिनिधियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
:: कलर कोडिंग और विशेष स्टीकर से होगी निगरानी ::
बैठक में जानकारी दी गई कि शहर को 7 अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर के लिए एक विशिष्ट रंग (कलर कोड) निर्धारित किया गया है। प्रत्येक ई-रिक्शा के आगे और पीछे विशेष स्टीकर लगाए जाएंगे। स्टीकर पर सेक्टर का नाम, वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और सीरियल नंबर अंकित होगा। इससे सवारियों को रिक्शा पहचानने में आसानी होगी और पुलिस के लिए अनाधिकृत रूट पर चलने वाले वाहनों की निगरानी करना सरल होगा।
:: पंजीयन के लिए लगेंगे विशेष कैंप ::
यातायात पुलिस आगामी दो दिनों के भीतर सेक्टर आवंटन और पंजीयन के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में कैंप आयोजित करेगी। चालक अपने वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर इन केंद्रों से अपना सेक्टर नंबर प्राप्त कर सकेंगे:

  • यातायात थाना पूर्व (एमटीएच कंपाउंड)
  • यातायात नियंत्रण कक्ष पश्चिम (महूनाका)
  • एसीपी ट्रैफिक जोन-1 कार्यालय (मल्हारगंज)
  • डीसीपी ट्रैफिक कार्यालय (पलासिया)
  • एसीपी ट्रैफिक जोन-2 ऑफिस (पिपलियाहाना)
    :: चिन्हित होंगे ई-रिक्शा स्टैंड ::
    यातायात को बाधित होने से बचाने के लिए पुलिस अब शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर ई-रिक्शा स्टैंड चिन्हित करेगी। इससे चालकों को सवारी चढ़ाने और उतारने के लिए व्यवस्थित स्थान मिलेगा, जिससे जाम की स्थिति निर्मित नहीं होगी।
    :: एक नज़र में शहर के 7 सेक्टर ::
    प्रशासन ने रूटों के आधार पर शहर को निम्न प्रकार विभाजित किया है:
    सेक्टर 01 : मच्छी बाजार, चोइथराम, भंवरकुआं, और नवलखा क्षेत्र।
    सेक्टर 02 : महूनाका, अन्नपूर्णा, राजेंद्र नगर, फूटी कोठी और कैट रोड।
    सेक्टर 03 : जवाहर मार्ग, राजमोहल्ला, बड़ा गणपति, एयरपोर्ट रोड और गांधीनगर।
    सेक्टर 04 : बाणगंगा, मरीमाता, परदेशीपुरा, एमआर-10 और अरविंदो अस्पताल क्षेत्र।
    सेक्टर 05 : विजय नगर, देवास नाका, खजराना और बॉम्बे हॉस्पिटल क्षेत्र।
    सेक्टर 06 : रेलवे स्टेशन, पलासिया, बंगाली चौराहा और बिचौली मर्दाना क्षेत्र।
    सेक्टर 07 : सरवटे बस स्टैंड, मूसाखेड़ी, आजाद नगर और देवगुराड़िया क्षेत्र।
    डीसीपी ट्रैफिक आनंद कलादगी ने चालकों को आश्वस्त किया कि इस प्रणाली से न केवल जनता को सुविधा होगी, बल्कि वैध रिक्शा चालकों का काम भी सुगम होगा। बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नरेश कुमार अन्नोटिया, संतोष कुमार कौल सहित सभी सहायक पुलिस आयुक्त उपस्थित रहे।