‘लक्ष्मी निवास’ में मानसी जोशी रॉय लक्ष्मी के किरदार में नजर आ रही हैं। लक्ष्मी एक ऐसी महिला है जो बिना ज्यादा कहे, प्यार, सब्र और धैर्य के साथ अपने पूरे परिवार को संभाल कर रखती है। वह मिडिल क्लास परिवार की वो मजबूती है, जो दिखती भले कम है, लेकिन हर दिन महसूस होती है। यह किरदार सादगी, परंपरा और अंदरूनी मजबूती से जुड़ा है, जहां खामोशी, त्याग और बिना शर्त प्यार ही सबसे बड़ी ताकत बन जाते हैं। मानसी ने बताया कि – आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम कई बार भूल जाते हैं कि अपना घर होना या अपने परिवार को खुश देखना ही बहुत से लोगों के लिए सबसे बड़ी कामयाबी होती है। ‘लक्ष्मी निवास’ मिडिल क्लास भारत के दिल को दिखाता है, जहां भले ही सब कुछ ज्यादा न हो, लेकिन संतोष, ईमानदारी और साथ होने का एहसास भरपूर होता है। लक्ष्मी की सादगी ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। वो अपने प्यार, अपने हाथ के खाने और अपने भरोसे से पूरे परिवार को एक साथ बांधे रखती है। लेकिन यही चीज मुझे इस किरदार के करीब ले आई। वो बिना शोर किए भी असर छोड़ जाती है। इससे मुझे ये सीख मिली कि ताकत हमेशा ऊंची आवाज में नहीं होती।

