:: हिटमैन के निशाने पर अफरीदी का वर्ल्ड रिकॉर्ड, कोहली रच सकते हैं शतकों का नया इतिहास ::
इंदौर । मध्य प्रदेश की खेल राजधानी इंदौर का होल्कर स्टेडियम रविवार को एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। कल (18 जनवरी) होने वाला यह सीरीज डिसाइडर मुकाबला न केवल ट्रॉफी का फैसला करेगा, बल्कि क्रिकेट जगत के दो महायोध्दाओं रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए रिकॉर्ड बुक को नए सिरे से लिखने का महामंच भी साबित होगा।
:: सिक्सर किंग के निशाने पर अफरीदी का गढ़ ::
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के लिए इंदौर का यह मैदान हमेशा से लकी रहा है। कल उनके पास पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में अफरीदी के नाम सबसे ज्यादा 50 छक्के हैं, जबकि रोहित 49 पर पहुंच चुके हैं। होल्कर की छोटी बाउंड्री पर जैसे ही रोहित 2 छक्के लगाएंगे, अफरीदी का रिकॉर्ड इतिहास बन जाएगा। इसके अलावा, रोहित को वनडे इतिहास के दिग्गज जैक कैलिस (11,579 रन) को पछाड़ने के लिए मात्र 14 रनों की दरकार है।
:: सहवाग से आगे निकलने की विराट तैयारी ::
शानदार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली कल एक और बड़ा शिखर फतह कर सकते हैं। कीवी टीम के खिलाफ वनडे में कोहली और वीरेंद्र सहवाग 6-6 शतकों के साथ बराबरी पर हैं। कल एक और सेंचुरी लगाते ही कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ 7 वनडे शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। कोहली ने पिछले मैच में ही सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ न्यूजीलैंड के खिलाफ सर्वाधिक रन (1773) बनाने का गौरव हासिल किया है, जिसे वे कल और आगे ले जाना चाहेंगे।
:: होल्कर : रनों की बारिश और रोहित का राज ::
इंदौर की पाटा पिच गेंदबाजों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है। साल 2023 में जब कीवी टीम यहाँ आई थी, तब रोहित शर्मा ने शतकीय प्रहार किया था। हालांकि, इंदौर में विराट कोहली का बल्ला अब तक शांत रहा है, जिसे वे कल एक बड़ी पारी खेलकर यादगार बनाना चाहेंगे। वीरेंद्र सहवाग (1,157 रन) को पीछे छोड़ न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे सबसे सफल भारतीय बल्लेबाज बनने के लिए रोहित को केवल 35 रन चाहिए।
रिकॉर्ड्स की दहलीज पर भारतीय दिग्गज:
रोहित शर्मा : 2 छक्के लगाते ही अफरीदी का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त।
रोहित शर्मा : 14 रन बनाते ही वनडे इतिहास के 8वें सबसे सफल बल्लेबाज बनेंगे।
विराट कोहली : कल के मैच में अपना 51वां वनडे शतक और न्यूजीलैंड के खिलाफ 7वां शतक जड़ने का मौका।
कल रविवार की छुट्टी होने के कारण स्टेडियम के खचाखच भरे रहने की उम्मीद है। इंदौर के क्रिकेट प्रेमी एक बार फिर ROKO (रोहित-कोहली) के पुराने अवतार और टीम इंडिया की खिताबी जीत का जश्न मनाने के लिए बेताब हैं।

