इन्दौर दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित करने के साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा अनूठी पहल करते स्क्रैप आइटम (कबाड़) से एक विशालकाय हेलमेट की प्रतिकृति बना पलासिया चौराहे पर लगाई है। इस विशाल हेलमेट प्रतिकृति का पुलिस आयुक्त संतोषसिह ने अनावरण किया। यह विशेष हेलमेट प्रतिकृति लोहे, प्लास्टिक, वाहनों के पुराने, अनुपयोगी पार्ट्स जैसे गियर, डिस्क, स्प्रिंग, टायर, हेडलाइट आदि स्क्रैप सामग्री से बनाई गई है। आमतौर पर कबाड़ समझे जाने वाले इन सामानों को कलात्मक रूप देकर हेलमेट की उपयोगिता और जीवन रक्षा का सशक्त संदेश दिया गया है। पुलिस आयुक्त ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नवाचार लोगों को आकर्षित करते हैं और सड़क सुरक्षा जैसे गंभीर विषय को प्रभावी ढंग से समझाने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि हेलमेट पहनने से सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को काफी हद तक कम किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने नागरिकों से स्वयं हेलमेट पहनने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

