संसद गेट पर निलंबित सांसदों ने किया प्रदर्शन, पोस्टर पर लिखा- पीएम ने समझौता किया

देश

नई दिल्ली । लोकसभा से निलंबित विपक्ष के आठ सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया। सांसदों के हाथों में ऐसे पोस्टर थे, जिन पर अंग्रेज़ी में ‘पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड’ (प्रधानमंत्री ने समझौता किया) लिखा हुआ था। पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे और अमेरिकी नागरिक जेफ्री एपस्टीन की तस्वीरें भी लगाई गई थीं, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
इन सांसदों को बजट सत्र के दौरान सदन में चेयर की ओर कागज उछालने और अव्यवस्था फैलाने के आरोप में पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित किया गया है। निलंबित सांसदों ने इसका विरोध करते हुए संसद परिसर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और सरकार पर लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारी सांसदों का कहना है कि सरकार गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए विपक्ष की आवाज को दबा रही है।
लोकसभा में विपक्ष का जोरदार हंगामा
इधर, लोकसभा में बजट सत्र के छठवें दिन कार्यवाही शुरू होते ही अमेरिका-भारत ट्रेड डील को लेकर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। विपक्षी सांसद इस मुद्दे पर तत्काल चर्चा की मांग कर रहे थे। हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसदों से प्रश्नकाल के दौरान व्यवस्था बनाए रखने और सदन की मर्यादा का पालन करने की अपील की। इसके बावजूद शोर-शराबा जारी रहा, जिसके चलते अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। सदन की कार्यवाही महज पांच मिनट ही चल सकी। वहीं दोबारा भी हंगामें के चलते सदन की कार्रवाई को 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।