भाजपा के विजय रथ को रोकना विपक्ष के बूते की बात नहीं : श्रीकांत

FEATURED ताज़ा खबर मध्य प्रदेश

मथुरा, 25 नवम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में विरोधी दलों का संभावित गठबंधन भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विजय रथ को नहीं रोक पायेगा।
श्री शर्मा ने रविवार को पत्रकारों से कहा “ हकीकत यह है कि यह कोई गठबंधन नहीं है। यह भ्रष्टाचार में संलिप्त नोटबंदी से पीडित लोगों का एक समूह है, जो नहीं चाहता कि इस देश में ईमानदारी से गांव और गरीब का कल्याण हो। यह हमेशा से “ करप्शन ,कमीशन कुशासन” का एक काकटेल रहा है। यह गांव गरीब का विकास नही चाहते हैं । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जो विकास के कार्य हो रहे हैं उन्हे रोकने का असफल प्रयास इस गठबंधन के जरिए से किया जा रहा हैं। ”
आगामी 30 नवम्बर को दिल्ली में प्रस्तावित किसान आंदोलन के बारे में उन्होने कहा कि किसानों का आन्दोलन राजनीति से प्रेरित है। कांग्रेस का ’’ डर्टी ट्रिक्स डिपार्टमेन्ट’’ इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। भाजपा की केन्द्र सरकार किसानों की सरकार है। यह पहली ऐसी सरकार है जिसने लागत का डेढ गुना एमएसपी तय किया है। इस सरकार ने बाजरे का समर्थन मूल्य लगभग 95 प्रतिशत तक बढाया है। धान के मूल्य पर भी वृद्धि की है। गेंहू के मूल्य में वृद्धि करने के साथ ही दलहन को खरीदने की व्यवस्था भी की है।
सरकार द्वारा लिए गए किसान हितकारी कदमों का खुलासा करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों के लिए ई मंडी की व्यवस्था की जा रही है। किसान को नीम कोटेड यूरिया देने में सरकार सफल रही है। जहां यूरिया के लिए पहले मारामारी रहती थी और लाठी चार्ज होता था वहां अब वैसी स्थिति नही रही है। प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के तहत नहर के जरिए किसान को पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध करा रहे हैं। किसान को सस्ती बिजली दी जा रही है। करीब 6.74 पैसे की बिजली 1.10 पैसे में किसान को दी जा रही है। किसान को आज 10 से 12 घंटे तथा कही कही पर 18 घंटे तक बिजली दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *