झारखंड: हजारीबाग में हाथियों का आतंक, एक ही परिवार के चार समेत 6 की मौत

ताज़ा खबर देश

हजारीबाग । झारखंड के हजारीबाग जिले में गुरुवार देर रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। चुरचू प्रखंड के गोंदवार गांव में हुए इस हमले में एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत कुल छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रात करीब एक से दो बजे के बीच की बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पांच हाथियों का झुंड अचानक बस्ती में घुस आया। अधिकतर लोग गहरी नींद में थे। हाथियों ने कच्चे मकानों को तोड़ दिया और बाहर निकलकर जान बचाने की कोशिश कर रहे लोगों को कुचल दिया। शोर मचाकर और मशाल जलाकर ग्रामीणों ने हाथियों को भगाने की कोशिश की, लेकिन झुंड काफी देर तक गांव के आसपास डटा रहा।
मृतकों में सूरज भूइया (55), उनकी पुतोहु सुमन देवी (25) और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा मंगरा भुईयां (58) और धनेश्वर राम (करीब 55) की भी जान चली गई। एक ही परिवार के चार सदस्यों और अन्य की हुई मौत से गांव में शोक की लहर है।
हाथियों के उत्पात की सूचना मिलते ही दारू और चरही वन विभाग की टीमें रात में ही मौके पर पहुंचीं। यह क्षेत्र दारू वन क्षेत्र के अंतर्गत आता है। वन विभाग के फॉरेस्टर मुकेश कुमार ने बताया कि टीम ने हालात का जायजा लिया है और मुआवजा प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वन विभाग ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों को रात के समय सतर्क रहने की सलाह दी है। ग्रामीणों का कहना है कि करगी जंगल के आसपास हाथियों की गतिविधि लगातार बढ़ रही है और झुंड इन दिनों काफी उग्र है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी समाधान और मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।