सफाई मित्रों की हड़ताल तीसरा दिन – स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए की जा रही मैदानी निगरानी

इंदौर

इन्दौर | शहर में सफाई मित्रों की हड़ताल के चलते आज तीसरे दिन शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नगर निगम का सफाई अमला सुबह से ही पूरी क्षमता के साथ मैदान में सक्रिय हो गया। इस दौरान कार्य पर उपस्थित सफाई मित्रों के साथ डोर-टू-डोर वाहन, ओपन डिपर वाहन एवं सिटी पिट्टी धुलाई वाहन सहित स्वच्छता अमला विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सफाई कार्य कर रहा है। वहीं निगमायुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा भी सुबह 6 बजे से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को सतत निगरानी रखने एवं आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं अपर आयुक्त, नियंत्रणकर्ता अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, जोनल अधिकारी एवं सीएसआई सहित अधिकारी लगातार फील्ड में भ्रमण कर व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा कर्मचारी संगठनों एवं वाल्मीकि समाज की पंचायतों के पदाधिकारी भी विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सफाई मित्रों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। निगम प्रशासन के अनुसार शहर में सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से जारी है तथा स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए लगातार मैदानी निगरानी की जा रही है।