:: 12 विकासखंडों में युवा फैलाएंगे जागरूकता, 135 टीबी मुक्त पंचायतें सम्मानित ::
इंदौर । टीबी उन्मूलन अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए इंदौर जिले में ‘ज्वाइंट स्क्वायड फॉर हेल्थ’ (जोश) टीम के कार्यों का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में सांसद शंकर लालवानी ने अभियान की शुरुआत की। जोश टीम के सदस्य लोगों को टीबी की रोकथाम, जांच और उपचार की जानकारी देने के साथ मरीजों को दवाओं का पूरा कोर्स करने के लिए प्रेरित करेंगे।
जिले के 12 विकासखंडों में जोश टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में प्रथम श्रेणी अधिकारी के साथ पांच मेरा युवा भारत वालेंटियर और पांच एनसीसी कैडेट्स शामिल हैं। टीबी से जुड़े भ्रम और भ्रांतियां दूर करना तथा मरीजों को नियमित उपचार के लिए प्रेरित करना टीमों की प्रमुख जिम्मेदारी होगी।
:: 135 पंचायतें सम्मानित ::
कार्यक्रम में वर्ष 2025 में टीबी मुक्त घोषित इंदौर जिले की 135 ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। इनमें 37 पंचायतों को स्वर्ण, 47 को रजत और 51 को कांस्य पदक प्रदान किए गए।
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। युवाओं की सक्रिय सहभागिता से टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और मरीजों को उपचार पूरा करने के लिए प्रेरित करने में मदद मिलेगी।
सीएमएचओ डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने कहा कि जोश के माध्यम से युवाओं को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ना महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में जिला क्षय अधिकारी डॉ. शैलेंद्र जैन, जिला युवा अधिकारी पंकज गोस्वामी सहित संबंधित अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और जोश टीम के सदस्य मौजूद रहे।
प्रकाश/08 अक्टूबर 2026

