मास्टर प्लान की तीन सड़कों के लिए आयुक्त ने तय की समय-सीमा

मध्य प्रदेश

:: सांवेर रोड पेट्रोल पंप-शिवशक्ति नगर सड़क 25 अक्टूबर तक, नेमिनाथ चौराहा-जिंसी चौराहा-लक्ष्मीबाई प्रतिमा और मूसाखेड़ी-सांवरिया धाम सड़क 30 अक्टूबर तक पूरी करने के निर्देश ::
इंदौर । मास्टर प्लान की सड़कों के निर्माण में तेजी लाने के लिए आयुक्त क्षितिज सिंघल ने निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों को संसाधन और श्रमिक बढ़ाकर तय समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। स्मार्ट सिटी कार्यालय में पैकेज-1, 2 और 4 के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने तीन प्रमुख सड़क परियोजनाओं की समय-सीमा तय की। साथ ही अन्य प्रगतिरत कार्यों में भी तेजी लाने को कहा।
पैकेज-2 में सांवेर रोड पेट्रोल पंप से शिवशक्ति नगर तक सड़क का निर्माण 25 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। पैकेज-1 में नेमिनाथ चौराहा से जिंसी चौराहा होते हुए लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक दो लेन सड़क और पैकेज-4 में मूसाखेड़ी चौराहे से सांवरिया धाम मंदिर तक सर्विस रोड़ का निर्माण 30 अक्टूबर तक पूरा करने को कहा गया है।
:: गुटकेश्वर रोड सहित अन्य काम भी होंगे तेज ::
आयुक्त ने गुटकेश्वर रोड पर चार लेन सड़क, एमआर-5 से पीएमएवाई तथा भामोरी से एरोप्लेन चौराहे तक पुलिया निर्माण सहित अन्य प्रगतिरत कार्यों की भी समीक्षा की। इन कार्यों में तेजी लाने के साथ होटल प्राइड से सिटी फॉरेस्ट तक फेंसिंग पूरी कर सड़क निर्माण तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।
:: निर्माण की रफ्तार के साथ सुरक्षा पर भी जोर ::
सिंघल ने निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग, संकेतक और अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं का संबंधित विभागों के समन्वय से तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि तय समय में काम पूरा हो सके।
बैठक में अपर आयुक्त अभय राजनगॉंवकर, कार्यपालन यंत्री पी.एस. कुशवाह, सहायक यंत्री नरेश जायसवाल, उपयंत्री देवेंद्र तंवर सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।