आकाशवाणी इंदौर का वैश्विक कीर्तिमान : महाकाल सवारी के सजीव प्रसारण ने रचा इतिहास

मध्य प्रदेश

:: संभागायुक्त डॉ. खाड़े को सौंपा गया वर्ल्ड ग्रेटेस्ट रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र; 5.30 घंटे के निरंतर लाइव कवरेज को मिली विश्व स्तर पर पहचान ::
इंदौर । आकाशवाणी इंदौर ने अपनी सृजनात्मकता और तकनीकी श्रेष्ठता के दम पर विश्व पटल पर मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उज्जैन की विश्वप्रसिद्ध श्रीमहांकाल राजसी सवारी के अभूतपूर्व सजीव प्रसारण के लिए आकाशवाणी इंदौर को “निरविन वर्ल्ड्स ग्रेटेस्ट रिकॉर्ड” (NWGR) से सम्मानित किया गया है। मंगलवार को आकाशवाणी की क्रिएटिव टीम ने संभागायुक्त कार्यालय पहुंचकर इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े से भेंट की और उन्हें यह प्रतिष्ठित प्रमाण पत्र सौंपा।
उल्लेखनीय है कि विगत वर्ष 18 अगस्त को बाबा महाकाल की राजसी सवारी का आकाशवाणी इंदौर की टीम द्वारा अनवरत 05:30 घंटे तक सजीव आँखों देखा हाल प्रसारित किया गया था। रेडियो के इतिहास में यह एक बड़ी उपलब्धि इसलिए भी है क्योंकि इस लाइव ब्रॉडकास्ट को मध्य प्रदेश स्थित आकाशवाणी के सभी 19 केंद्रों द्वारा एक साथ सफलतापूर्वक रिले किया गया था।
:: डॉ. सुदाम खाड़े के नाम हुआ रिकॉर्ड ::
यह ऐतिहासिक आयोजन तत्कालीन आयुक्त जनसंपर्क एवं वर्तमान इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ था। NWGR द्वारा जारी यह प्रमाण पत्र विशेष रूप से डॉ. खाड़े के नाम प्रदान किया गया है। यह सम्मान किसी भी नॉन-स्पोर्ट्स इवेंट के सबसे लंबे लाइव ब्रॉडकास्ट में सक्रिय भागीदारी और कीमती योगदान के लिए दिया जाता है।
:: टीम को दी हार्दिक शुभकामनाएं ::
प्रमाण पत्र प्राप्त करने के उपरांत डॉ. सुदाम खाड़े ने आकाशवाणी इंदौर की पूरी टीम को इस वैश्विक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीम की कड़ी मेहनत और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक संचार माध्यमों से जोड़ने का सुखद परिणाम है। भेंट के दौरान आकाशवाणी के वरिष्ठ अधिकारियों सहित क्रिएटिव टीम के सदस्य उपस्थित रहे।