कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा- आयोग बीजेपी के प्रति अत्यधिक पक्षपातपूर्ण है
नई दिल्ली । कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने सोमवार को भारतीय चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि आयोग बीजेपी के प्रति अत्यधिक पक्षपातपूर्ण है। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल में विकास परियोजनाओं की घोषणा के ठीक अगले दिन ही चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पक्षपातपूर्ण तरीके से काम कर रहा है। पीएम मोदी पश्चिम बंगाल में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करते हैं और ठीक अगले दिन राज्य चुनावों की तारीखों का ऐलान यह सरासर धांधली है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भगत ने केंद्र सरकार पर सुनियोजित तरीके से काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार एक राष्ट्र एक चुनाव की बात करती है, लेकिन आगामी विधानसभा चुनावों में चारों राज्यों के लिए मतदान की तारीखें और परिणाम घोषित होने का दिन एक दूसरे से बहुत दूर रखा गया है। तो क्या आपको नहीं लगता कि यह सब सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है? जितना ज्यादा विलंब होगा, उतना ही परिणाम बीजेपी के पक्ष में जाएगा। आप पिछले रिकॉर्ड देख सकते हैं। इन सब कारणों से लोग उन पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं।
ये टिप्पणियां रविवार को चुनाव आयोग द्वारा चार राज्यों पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद आई है। कार्यक्रम के मुताबिक पश्चिम बंगाल में मतदान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होगा। केरल और असम में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान होगा। चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि चारों राज्यों और पुडुचेरी में वोटों की गिनती 4 मई को होगी। वर्तमान विधानसभाओं का कार्यकाल अलग-अलग तिथियों पर समाप्त हो रहा है। पश्चिम बंगाल में 7 मई, तमिलनाडु में 10 मई, असम में 20 मई, केरल में 23 मई और पुडुचेरी में 15 जून।

