::परिजनों ने डाक्टर के घर और क्लिनिक में लगाई आग की तोड़फोड़::
इन्दौर | एक सनसनीखेज मामले में हिन्दू संगठन कार्यकर्ताओं के दखल के बाद पुलिस ने एक मुस्लिम डाक्टर के खिलाफ हिन्दू युवती के साथ दुष्कर्म कर उसे ब्लेकमेल करने का प्रकरण दर्ज किया है। मामला समीपस्थ बडगौंदा थाना क्षेत्र का है और दुष्कर्मी डाक्टर का नाम सईद खान निवासी आम्बाचंदन है और उसका क्लिनिक गुजरखेडा में है जहां युवती बीमारी के दौरान दिखाने गई थी तभी उसने उसे नशीला इंजेक्शन लगा दुष्कर्म किया और फिर पिछले चार-पांच माह से लगातार उसका शोषण कर रहा था। कल वह फिर उसको लेकर एक फार्म हाउस पहुंचा था जिसकी जानकारी मिलने पर हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने वहां पहुंच कर पहले तो उसके चंगुल से युवती को छुड़ा उसकी जमकर पिटाई की फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। यही नहीं मामला उजागर होने के बाद महिला के परिजनों और क्षेत्रवासियों ने डाक्टर के क्लिनिक और घर पर तोड़फोड़ कर आग लगा दी। जानकारी के अनुसार डॉ. सईद खान ने युवती को नशे का इंजेक्शन देकर उसके साथ दुष्कर्म कर उसकी तस्वीरें भी खींच लीं थीं और इन्हीं तस्वीरों के जरिए वह उसको लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। कल भी डाक्टर सईद खान ने युवती को पातालपानी के बेलामोर रिसॉर्ट बुलाया था जब इसकी जानकारी हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं को लगी तो वे भी रिसॉर्ट पहुंचे और एक कमरे से आरोपी को युवती के साथ पकड़ पहले तो उसको जमकर पीटा। फिर पुलिस को सौंप दिया। मामले में युवती ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराते पूरी बात बताते कहा कि वह करीब चार महीने पहले गुजरखेड़ा में डॉ. सईद खान के क्लिनिक पर इलाज कराने गई थी। वहां उसने उसे नशीला इंजेक्शन देकर बेहोश किया और दुष्कर्म कर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं। इसके बाद लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। कल भी वह धमकाकर पातालपानी लेकर गया था। जहां यह सब हुआ। बड़गोंदा थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले के अनुसार पीड़िता की शिकायत पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है।
वहीं मामला उजागर होने के बाद युवती के परिजन, हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता और स्थानीय रहवासियों ने आम्बाचंदन स्थित डॉ. सईद खान के घर पहुंच तोड़फोड़ की, फिर आग लगा दी। इसके बाद उसके गुजरखेड़ा स्थित क्लिनिक पहुंच पथराव किया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उपद्रवियों को खदेड़ा। फिलहाल, इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

