मुंबई । मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा आगामी 7 मई को छह घंटे के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। बताया जा रहा है कि रनवे की मरम्मत और मॉनसून से पहले सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया गया है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, 7 मई को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक दोनों रनवे बंद रहेंगे। इस दौरान न तो कोई उड़ान टेक-ऑफ करेगी और न ही किसी विमान की लैंडिंग होगी। ज्ञात हो कि हर साल मानसून से पहले इस तरह का “मॉनसून रेडीनेस” अभियान चलाया जाता है, ताकि बारिश के मौसम में किसी तरह की तकनीकी या सुरक्षा समस्या न हो। बताया गया है कि इस मेंटेनेंस कार्य की योजना पिछले छह महीनों से बनाई जा रही थी। सभी एयरलाइंस और संबंधित एजेंसियों को पहले ही सूचित कर दिया गया है, ताकि वे अपने उड़ानों के समय में आवश्यक बदलाव कर सकें और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। करीब 1033 एकड़ में फैले इस एयरपोर्ट के पूरे एयरसाइड इंफ्रास्ट्रक्चर की जांच विशेषज्ञों की टीम द्वारा की जाएगी। रनवे पर आई घिसावट को ठीक करना और तकनीकी सुधार करना इस प्रक्रिया का मुख्य हिस्सा है, जिससे बारिश के दौरान विमानों का टेक-ऑफ और लैंडिंग पूरी तरह सुरक्षित रहे। एयरपोर्ट प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि अत्याधुनिक मशीनों की मदद से यह काम तय समय में पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही यात्रियों को सलाह दी गई है कि 7 मई को यात्रा की योजना बनाने से पहले अपनी फ्लाइट का अपडेट जरूर चेक करें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।

