जबलपुर । मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना से आंनद नगर आधारताल जबलपुर निवासी जीशान अली के सात माह के पुत्र मोहम्मद मुस्तफा खान के हृदय की दो दिन पहले दमोह नाका, जबलपुर स्थित निजी अस्पताल में सफल सर्जरी की गई। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला प्रबंधक सुभाष शुक्ला ने बताया कि मुस्तफा के जन्मजात हृदय रोग से पीडि़त होने की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों से उसका परीक्षण कराया गया तथा मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना से उसके हृदय की सर्जरी का प्रकरण तैयार किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नवीन कोठारी के निर्देशानुसार राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डॉ अमजद खान ने तत्काल कार्यवाही करते हुये बालक का रजिस्ट्रेशन किया और परिजनों की सहमति से उसे बडेरिया मैट्रोप्राईम मल्टीस्पेशिलिटी हॉस्पिटल जबलपुर रैफर किया गया। जहाँ 25अप्रैल को बालक के हृदय की सफल सर्जरी की गई। मुस्तफा के परिवारजनों ने मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना से स्वीकृत सहायता से हृदय की हुई सफल सर्जरी के लिये मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम के प्रति आभार जताया है।

