मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा बदले जाएंगे 162 ट्रांसफार्मर, 648 की होगी लोड बैलेंसिंग
भोपाल । मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने कड़े निर्देश दिए हैं कि वितरण ट्रांसफार्मरों का सुधार कार्य किया जाए तथा खराब ट्रांसफार्मरों को बदला जाए। उन्होंने निर्देशों में कहा कि ट्रांसफार्मरों की रिकंडीशनिंग और लोड बैलेंसिंग के साथ ही पूरे कंपनी कार्यक्षेत्र में अभियान चलाकर यह कार्य एक सप्ताह में पूरा किया जाए।
गौरतलब है कि राजधानी की बिजली व्यवस्था को बेहतर करने और उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने युद्ध स्तर पर कार्य शुरू कर दिया है। भोपाल शहर वृत्त के अंतर्गत आने वाले सभी 27 जोनों में पुराने और रिकंडीशनिंग योग्य ट्रांसफार्मरों को चिन्हित कर लिया गया है, जिन्हें अगले तीन दिनों के भीतर बदलने की कार्रवाई की जा रही है।
कंपनी ने बताया कि अभियान के पहले दिन, यानी 1 मई को अवकाश होने के बावजूद विभाग का क्षेत्रीय भंडार खुला रहा और मैदानी स्तर पर कर्मचारियों व अधिकारियों की सक्रियता बनी रही। शुक्रवार को शहर के विभिन्न जोनों में 35 ट्रांसफार्मर रिकंडीशनिंग के लिए बदले गए, जबकि 24 ट्रांसफार्मरों की लोड बैलेंसिंग का कार्य पूरा किया गया।
कंपनी द्वारा आगामी तीन दिनों में लक्ष्य निर्धारित कर शहर वृत्त भोपाल में कुल 162 ट्रांसफार्मर बदले जाएंगे और 648 चयनित ट्रांसफार्मरों की लोड बैलेंसिंग की जाएगी। इस पहल से न केवल गर्मियों में बढ़ने वाले बिजली के भार को संभालने में मदद मिलेगी, बल्कि बार-बार होने वाले ट्रिपिंग और तकनीकी खराबी की समस्याओं से भी भोपाल वासियों को राहत मिलेगी। कम्पनी के वरिष्ठ अधिकारी मैदानी स्तर पर इस पूरे कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

