-बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति के निधन पर जिम पार्टनर का बयान
लखनऊ,(ईएमएस)। यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के बेटे और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। इसी बीच प्रतीक यादव के जिम पार्टनर स्वप्नेश पांडेय ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने बताया कि प्रतीक यादव देर रात बेडरूम में गिर गए थे, जिससे सिर पर चोट लगी। सुबह करीब 4-5 बजे उनके निधन की सूचना मिली।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जिम पार्टनर स्वप्नेश पांडेय ने बताया कि प्रतीक यादव की मौत की खबर सुनने के बाद वह अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जिम से ही प्रतीक के साथ पहचान हुई। वे छोटे-बड़े सभी का सम्मान करते थे। उनका स्वभाव बहुत अच्छा था। उन्होंने बताया कि प्रतीक का काफी समय से इलाज चल रहा था। रात में तबीयत ज्यादा खराब हुई थी, जिसके बाद वे देर रात लखनऊ सिविल अस्पताल में आए थे। फिर वापस चले गए थे। घर पहुंचने पर उनकी तबीयत और भी बिगड़ी थी।
स्वप्नेश पांडेय ने कहा कि मुझे यह सुनने में आया कि वे अपने बेडरूम में गिर गए थे। इसके कारण सिर में चोट लगी थी। पांडेय ने कहा कि सुबह करीब 4-5 बजे प्रतीक के निधन के बारे में पता चला। उन्होंने फिर से दोहराते हुए कहा कि प्रतीक यादव का लंबे समय से इलाज चल रहा था। जहां तक पता चला कि रात में पैर फिसलने से वे बेडरूम में गिरे और सिर पर चोट लगी। वहीं, अपर्णा यादव के भाई मुकेश सिंह ने कहा कि मुझे सुबह सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी मिली। चूंकि अपर्णा उस समय यहां मौजूद नहीं थी और वे बाहर थीं, इसलिए मुझे यह खबर सोशल मीडिया से मिली। तब तक उनका निधन हो चुका था। यह मेरे लिए एक बहुत ही दुखद घटना है। दुख की घड़ी में हम परिवार के साथ हैं। प्रतीक का पोस्टमार्टम हो चुका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सभी चीजें स्पष्ट हो जाएंगी। मुकेश सिंह ने बताया कि प्रतीक की तबीयत बिगड़ने पर घर में मौजूद लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे।

