धार्मिक मध्य प्रदेश

राष्ट्रपति मुर्मु ने ओंकारेश्वर में किए दर्शन, देश की सुख-समृद्धि की कामना की
:: वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया अभिषेक ::
इंदौर/ओंकारेश्वर (ईएमएस)। महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने मध्यप्रदेश प्रवास के पहले दिन गुरुवार को तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर पहुँचीं। उन्होंने यहाँ पवित्र ओंकारेश्वर तीर्थ और द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की।
ममलेश्वर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश से पूर्व राष्ट्रपति मुर्मु ने नंदी प्रतिमा पर बेलपत्र अर्पित कर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात मुख्य गर्भगृह में मुख्य पुजारियों द्वारा वैदिक रीति-रिवाज और विशेष मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का अभिषेक एवं पूजन संपन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने देशवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
:: अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत ::
ओंकारेश्वर पहुँचने पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राष्ट्रपति का स्वागत किया। दर्शन के उपरांत कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। वहीं, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने राष्ट्रपति को स्मृति स्वरूप नर्मदेश्वर शिवलिंग, शंख और भगवान ओंकारेश्वर का छायाचित्र भेंट किया।
इस अवसर पर जनजाति कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह, क्षेत्रीय विधायक नारायण पटेल, इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, आईजी अनुराग सिंह सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।