:: गोपुर चौराहे पर होगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन; मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप ::
इंदौर । इंदौर अब खेल और स्वच्छता के बाद योग के क्षेत्र में भी विश्व पटल पर अपनी पहचान दर्ज कराने को तैयार है। नगर पालिक निगम इंदौर के योगमित्र अभियान के अंतर्गत 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शहर एक नया विश्व कीर्तिमान बनाने जा रहा है। इस वर्ष का मुख्य विषय स्वस्थ आयु के लिए योग रखा गया है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन शहर के गोपुर चौराहे पर सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे तक होगा। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय योग संस्थाओं द्वारा योग के विभिन्न आसनों की भक्तिमय और आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ होगी। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण 10 हजार से अधिक योग साधकों द्वारा एक साथ भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास होगा, जो अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास होगा।
:: योग अलंकरण से होगा सम्मान ::
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आयोजन स्थल का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस कार्यक्रम में शहर की 70 से अधिक योग संस्थाएं, 150 से अधिक सामाजिक संगठन और हजारों की संख्या में जागरूक नागरिक हिस्सा लेंगे। आयोजन के दौरान योग मित्र अभियान की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही, योग के क्षेत्र में असाधारण और उत्कृष्ट योगदान देने वाले साधकों व विशेषज्ञों को योग अलंकरण से सम्मानित भी किया जाएगा।
इंदौर का यह आयोजन न केवल योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाएगा, बल्कि स्वस्थ आयु के संदेश को भी जन-जन तक पहुँचाने में मील का पत्थर साबित होगा।


1 thought on “इंदौर बनाएगा विश्व कीर्तिमान : 10 हजार योग साधक एक साथ करेंगे भ्रामरी प्राणायाम”
Comments are closed.