:: निर्माण कार्य का किया निरीक्षण, उच्च गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया विशेष जोर ::
इंदौर । उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शुक्रवार को एमवाय अस्पताल परिसर में बन रही नई इमारत के निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रोजेक्ट की प्रगति पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की और निर्माण कार्यों को गति देने के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने निर्माण कार्य में लगी संबंधित कंपनियों के अधिकारियों को दो टूक लहजे में कहा कि कार्य की गुणवत्ता सर्वोपरि है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण में उच्च मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि प्रोजेक्ट को तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि जल्द से जल्द इंदौर और आसपास के क्षेत्रों की जनता को इस अत्याधुनिक चिकित्सा संस्थान की सुविधाएं मिल सकें।
:: प्रोजेक्ट ले-आउट की ली जानकारी ::
उप मुख्यमंत्री ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया से एमवाय के नए प्रोजेक्ट ले-आउट और निर्माण कार्ययोजना की वर्तमान प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस अवसर पर विधायक गोलू शुक्ला भी मौजूद थे, जिन्होंने भी विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अस्पताल की इस नई इमारत के तैयार होने से मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ हो सकेंगी, जिसे लेकर सरकार बेहद गंभीर है। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारी एवं निर्माण कार्य से जुड़े प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।


1 thought on “एमवाय अस्पताल की नई इमारत का निर्माण जल्द पूरा करें : उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल”
Comments are closed.