नई दिल्ली । कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) में हुए दल-बदल को ऑपरेशन कीचड़ करार देकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर संविधान बदलने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगा दिया है। कांग्रेस नेता खेड़ा ने भाजपा के इरादों पर सवाल उठाकर आरोप लगाया कि 2024 के आम चुनावों में केवल 240 सीटों पर सिमट जाने के बाद सत्ताधारी पार्टी अन्य दलों के सांसदों को चुराने का काम कर रही है। कांग्रेस नेता खेड़ा ने कहा कि यह ऑपरेशन कीचड़ इसलिए है क्योंकि इन निर्वाचन क्षेत्रों में कमल नहीं खिल सका। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित कर सवाल किया, वे 400 की बजाय 240 सीटों पर रुकने से इतने आहत क्यों हैं कि अब वे तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) जैसी दूसरी पार्टियों से सांसदों को चुराने में लगे हैं? क्यों? इरादा क्या है? क्या वे असल में संविधान बदलना चाहते हैं? इस डकैती के पीछे क्या मकसद है?
यह घटनाक्रम 18 जून को हुआ, जब शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों ने विद्रोह कर संसदीय दल की बैठक में भाग नहीं लिया। इसमें यवतमाल-वाशिम के सांसद संजय देशमुख, हिंगोली के सांसद नागेश पाटिल आष्टीकर, परभणी के सांसद संजय जाधव, शिरडी के सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे, मुंबई उत्तर पूर्व के सांसद संजय दीना पाटिल और उस्मानाबाद के सांसद ओमप्रकाश राजे निंबालकर शामिल थे। इन सांसदों के जल्द ही एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने की संभावना है।
इसके पहले दिन में, आदित्य ठाकरे ने भी बागी नेताओं पर अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धताओं के बजाय निजी लालच को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया। अपनी पोस्ट में, ठाकरे ने दावा किया कि कांग्रेस और महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के समर्थन से चुने गए इन विधायकों ने उन विचारधाराओं को छोड़ दिया है, जिनका प्रतिनिधित्व करने के लिए उन्हें वोट मिला था।


1 thought on “संविधान बदलने का बीजेपी का इरादा? पवन खेड़ा ने ऑपरेशन कीचड़ पर घेरा”
Comments are closed.