राम मंदिर चढ़ावा मामला: केजरीवाल ने पूछा अब तक कोई एफआईआर दर्ज क्यों नहीं हुई

ताज़ा खबर देश

शुक्रवार को राम मंदिर में दर्शन करने का किया ऐलान
नई दिल्ली । आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या में राम मंदिर से दान और चढ़ावे की कथित चोरी पर सवाल उठा दिए हैं। उन्होंने मामले में कोई कार्रवाई न होने पर केंद्र और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार से जवाब मांगा है। पूर्व सीएम केजरीवाल ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्रतीक है और भक्तों द्वारा दिए गए दान में किसी भी तरह की गड़बड़ी गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं होने पर सवाल उठाकर पूछा कि योगी सरकार किसे बचाने की कोशिश में जुटी है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर कर आप नेता ने दावा किया कि रिपोर्टों के अनुसार, करीब 200 करोड़ नकद दान के साथ-साथ हीरे और अन्य कीमती सामान वाले कई बक्से गायब हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दावों के बावजूद, जांच एजेंसियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। केजरीवाल ने कहा कि न उत्तर प्रदेश पुलिस और न ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी केंद्रीय एजेंसियों ने कोई कार्रवाई शुरू की है। उन्होंने कहा कि केंद्र और यूपी, दोनों जगह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार है, फिर भी कथित दोषियों के ख़िलाफ़ किसी भी तरह की छापेमारी या कार्रवाई की कोई खबर नहीं है।
केजरीवाल ने लिखा कि श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी से हर सनातनी आहत है। उन्होंने कहा कि वह शुक्रवार को अयोध्या जाकर श्रीराम मंदिर में दर्शन करने वाले है। उनके ऐलान के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। इन आरोपों ने एक नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है, आप मामले की पारदर्शी जांच और मंदिर के फंड से जुड़ी किसी भी गड़बड़ी के लिए जवाबदेही की मांग कर रही है।