केतन अग्रवाल मर्डर केस: मुख्य आरोपी सिया गोयल के माता-पिता का बड़ा बयान, कहा-बेटी दोषी है तो अभी फांसी दे दो

ताज़ा खबर देश

पुणे । पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में पहली बार मुख्य आरोपी सिया गोयल के माता-पिता का एक बड़ा और बेहद भावुक बयान सामने आया है। सिया के पिता प्रवीण गोयल और मां पूजा गोयल ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि उनकी बेटी इस अपराध में दोषी पाई जाती है, तो उसे तुरंत फांसी की सजा दे दी जाए।
एक स्थानीय न्यूज़ चैनल से बातचीत के दौरान सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा, अगर अदालत मेरी बेटी को दोषी मानती है, तो उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। उसे फांसी दे दी जाए। मैं पूरे होशोहवास में यह बात कह रहा हूँ कि जो भी गुनहगार है उसे बिना किसी देरी के कड़ी सजा मिलनी ही चाहिए।
वहीं, सिया की मां पूजा गोयल ने भी बेहद सख्त रुख अपनाते हुए कहा, अगर मेरी बेटी ने यह गुनाह किया है, तो उसे इसी वक्त फांसी की सजा दे दो। आरोपी को सजा मिलनी ही चाहिए, यह बात आज एक मां बोल रही है।
इस बीच खबर है कि बेटी पर लगे हत्या के आरोपों और पुलिस जांच के भारी तनाव के कारण गुरुवार को प्रवीण गोयल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें तुरंत पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें हार्ट अटैक आने की पुष्टि की है। पिता की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें फिलहाल आईसीयू में रखा गया है। अस्पताल परिसर और विशेषकर आईसीयू के आस-पास सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने परिवार को कड़ी निगरानी में रखा है, वहीं डॉक्टरों की एक टीम प्रवीण गोयल की सेहत और रिकवरी के पैरामीटर्स पर लगातार नज़र बनाए हुए है।