‘लक्ष्मी निवास’ अपने रिश्तों की भावुक कहानी और ज़िंदगी के अप्रत्याशित मोड़ों के साथ लगातार दर्शकों को बांधे हुए है। दर्शकों ने राधिका की ज़िंदगी का एक बेहद मुश्किल दौर देखा। कभी उसकी शादी को लेकर सवाल उठे, तो कभी उसके माता-पिता को समाज के ताने सुनने पड़े। इन सबके बीच राधिका खुद को ऐसी परिस्थितियों में घिरा हुआ पाती है, जिनकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी। राधिका का किरदार निभा रहीं अक्षिता मुद्गल ने कहा, “राधिका हमेशा से ऐसी लड़की रही है जो अपने हिस्से का हर दर्द सह सकती है, लेकिन जिस पल उसके माता-पिता को उसकी वजह से दुख पहुंचता है या लोग उन पर सवाल उठाते हैं, वहीं वह अंदर से टूट जाती है। एक कलाकार के तौर पर भी रोज़ 12-13 घंटे उस भावनात्मक माहौल में रहना आसान नहीं था। कई दिन ऐसे होते थे जब मैं सूजी हुई आंखों के साथ घर लौटती थी, क्योंकि जब आप किसी किरदार का दर्द इतने लंबे समय तक जीते हैं, तो वह पैक-अप के बाद भी आपके साथ रहता है।

