-छह घंटे बाद फिर भड़की लपटें, मिर्च-मसालों के धुएं से राहत कार्य में आई मुश्किल
लखनऊ, । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में रविवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि घटनास्थल से कई किलोमीटर दूर तक धुएं का घना गुबार दिखाई देता रहा। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 15 गाड़ियां और दो हाइड्रोलिक मशीनें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ-अयोध्या हाईवे के किनारे स्थित लगभग 35 वर्ष पुराने हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में रविवार सुबह करीब 6:30 बजे आग लगी। शुरुआती प्रयासों के बाद जब आग पर नियंत्रण मिलता दिखाई दे रहा था, तभी करीब छह घंटे बाद आग एक बार फिर तेजी से भड़क उठी, जिससे बचाव कार्य और चुनौतीपूर्ण हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एहतियातन पास स्थित दयाल रेजीडेंसी कॉलोनी के करीब 50 घरों को खाली करा लिया। स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
कोल्ड स्टोरेज में इस समय हल्दी, मिर्च और अन्य किराना सामग्री का भंडारण किया गया था। इसके अलावा परिसर के कुछ हिस्सों में लकड़ी और बुरादा भी रखा हुआ था। अधिकारियों के अनुसार, लकड़ी और बुरादे के कारण आग बार-बार सुलगती रही, जिससे उसे पूरी तरह बुझाने में काफी समय लग रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कोल्ड स्टोरेज के मालिक राहुल गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
दमकल कर्मियों को आग बुझाने के दौरान सबसे बड़ी समस्या मिर्च और मसालों से उठने वाले तीखे धुएं के कारण हुई। धुएं के प्रभाव से कई कर्मियों को खांसी और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। शुरुआत में जब फायरकर्मी अंदर प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे, तब मिर्च के तीव्र झोंकों के कारण उन्हें बाहर निकलना पड़ा।
इसके बाद टिन शेड के ऊपर से तथा हाइड्रोलिक मशीनों की सहायता से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। लगातार पानी की बौछार और कूलिंग ऑपरेशन के जरिए आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। राहत की बात यह है कि अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच के बाद ही आग के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

