द्वारकापुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 270 ग्राम ब्राउन शुगर

इंदौर

8 किलो गांजा और 19 लाख नकदी के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार

पिस्तौल के 22 जिंदा कारतूस और नोट गिनने की मशीन भी जब्त, आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 17 गंभीर अपराध ::
इंदौर । शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए द्वारकापुरी थाना पुलिस ने बैक ट्रैकिंग (कड़ियों को जोड़ते हुए) के जरिए एक शातिर ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ, हथियार के कारतूस, लाखों रुपये की नकदी और नोट गिनने की मशीन बरामद की गई है। यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त जोन-4 सुनील मेहता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल और सहायक पुलिस आयुक्त (अन्नपूर्णा) शिवेंदु जोशी के मार्गदर्शन में की गई।
:: पैडलर की निशानदेही पर पकड़ाया मुख्य तस्कर ::
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में नशे के कारोबार पर निगरानी के दौरान मुखबिर की सूचना पर 22 जून को लकी नाथ नामक आरोपी को पकड़ा गया था, जिसके पास से 16 ग्राम ब्राउन शुगर मिली थी। पूछताछ में लकी नाथ ने खुलासा किया कि उसे यह ब्राउन शुगर चेतन नाथ ने सप्लाई की थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने बैक ट्रैकिंग करते हुए मुख्य तस्कर चेतन नाथ (36) निवासी नाथ मोहल्ला, द्वारकापुरी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
:: कमरे से मिला नशे और नकदी का जखीरा ::
जब पुलिस ने आरोपी चेतन नाथ के कमरे की तलाशी ली, तो वहाँ का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। पुलिस ने मौके से 270 ग्राम ब्राउन शुगर, 8 किलो गांजा, पिस्तौल के 22 जिंदा राउंड (कारतूस), 19 लाख रुपये नकद और नोट गिनने की मशीन जब्त की है। इसके अलावा ब्राउन शुगर को छोटी-छोटी पुड़िया में री-पैक करने की सामग्री भी मिली है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
:: जेल से छूटते ही फिर शुरू किया धंधा, राजस्थान से जुड़े हैं तार ::
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी चेतन नाथ ने कुबूल किया है कि वह यह ब्राउन शुगर प्रतापगढ़ (राजस्थान) से लेकर आता था। आरोपी पिछले कई वर्षों से अपनी बहन और ड्रग तस्कर सीमा नाथ के साथ मिलकर इस अवैध धंधे को चला रहा था। पिछले साल द्वारकापुरी पुलिस ने उसे अपहरण के एक मामले में जेल भेजा था, लेकिन अप्रैल महीने में जमानत पर छूटते ही उसने अपने साथियों के जरिए दोबारा नशे की सप्लाई शुरू कर दी।
:: लूट और हत्या जैसे 17 मामलों में है नामजद ::
पकड़ा गया आरोपी चेतन नाथ शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ इंदौर के अलग-अलग थानों में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से राजेंद्र नगर (इंदौर) और नौगांव (धार) के मामलों में फरार चल रहा था।
इस बड़ी सफलता में द्वारकापुरी थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्र, उपनिरीक्षक मुकेश झरिया, सहायक उप निरीक्षक मनीष शाह, प्रधान आरक्षक तन्मय सिंह तोमर, अभिषेक सिंह, नंदकिशोर, लोकेन्द्र सिंह, नितेश बघेल सहित आरक्षक शिवपाल सिंह, दिनेश सोलंकी, भानसिंह, सुनील भूरिया, जगमोहन मीणा, चंद्रविर, रविकांत, दीपक मिश्रा, योगेश और महिला आरक्षक सीमा की विशेष भूमिका रही।