नीमच और शाजापुर में 950 मेगावाट क्षमता के सोलर पार्कों का लोकार्पण, 1553.98 करोड़ रुपये की औद्योगिक इकाइयों का भूमि-पूजन ::
:: देश में सबसे सस्ती 2.14 रुपये प्रति यूनिट की दर से मिलेगी बिजली, भादवा माता मंदिर के लिए 17 करोड़ मंजूर ::
नीमच । स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने सोमवार को एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केन्द्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने नीमच में आयोजित भव्य समारोह में 500 मेगावॉट क्षमता वाले नीमच सोलर पार्क तथा 450 मेगावॉट क्षमता वाले शाजापुर सोलर पार्क का भव्य लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरित विकास, निवेश और रोजगार के त्रिवेणी संकल्प के साथ राज्य सरकार आगे बढ़ रही है और मध्यप्रदेश अब देश में ग्रीन एनर्जी का मुख्य पावर हाउस बन रहा है। इस गरिमामयी कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास तथा नीमच की प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, पूर्व मंत्री व विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक दिलीप सिंह परिहार सहित कई जनप्रतिनिधि और आला अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने नीमच क्षेत्र को 1,553.98 करोड़ रुपये लागत की 38 औद्योगिक इकाइयों एवं विकास कार्यों की बड़ी सौगात देते हुए उनका लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। नीमच के नए सोलर पार्क से देश में सबसे सस्ती 2.14 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध होगी। इसके साथ ही मुरैना की सौर परियोजना से सूर्यास्त के बाद भी महज 2.70 रुपये प्रति यूनिट की दर पर बिजली मिल सकेगी। अधिकारियों के अनुसार, आगर में 550 मेगावाट क्षमता का एक और सोलर पार्क निर्माणाधीन है, जिसके लिए 2.44 और 2.45 रुपये प्रति यूनिट की दरें प्राप्त हो चुकी हैं। इन सभी परियोजनाओं से मध्यप्रदेश की विद्युत क्षमता में क्लीन एनर्जी का हिस्सा 30 प्रतिशत हो गया है, जिसे और बढ़ाया जा रहा है।
:: औद्योगिक विकास की धुरी बनेगा नीमच, भोपाल तक नया हाईवे ::
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नीमच, मंदसौर, रतलाम और उज्जैन का बेल्ट उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश में विकास के नए केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। नीमच में देश का सबसे बड़ा पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट बन रहा है, जो इसे ग्रीन पावर का ग्लोबल कैपिटल बनाएगा। इसके साथ ही प्रसिद्ध भादवा माता मंदिर परिसर में विकास कार्यों के लिए 17 करोड़ रुपये की योजना मंजूर की गई है। क्षेत्र की कनेक्टिविटी को सुधारने के लिए नीमच को जल्द ही जावरा-उज्जैन होकर भोपाल राजमार्ग की सौगात मिलेगी और मंदसौर से भोपाल तक नया हाईवे भी बनाया जाएगा। औद्योगिक विकास को गति देने के लिए नीमच एयरस्ट्रिप को कमर्शियल यानी व्यावसायिक करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा, गांधी सागर अभ्यारण्य चीतों का नया प्राकृतिक आवास बन चुका है, जहाँ जल्द ही दो और चीते छोड़े जाएंगे।
:: जल संरक्षण में नीमच की ऊंची छलांग, प्रदेश में पहला स्थान ::
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए गए जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत मध्यप्रदेश सरकार ने तीन महीनों में 10 हजार करोड़ रुपये खर्च कर 2 लाख से अधिक जल स्रोतों का जीर्णोद्धार किया है। इस अभियान में बेहतर काम करते हुए नीमच जिला प्रदेश में पहले और देश में 10वें स्थान पर रहा है। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए बेहतर काम करने वाली पंचायतों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब को पीछे छोड़ते हुए मध्यप्रदेश ने 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 104 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की रिकॉर्ड खरीदी की है। इसके साथ ही किसानों के लिए शून्य ब्याज दर पर मिलने वाले लोन को चुकाने की 31 मार्च की समय-सीमा समाप्त कर दी गई है। अब किसान लोन लेने की तारीख से अगले 12 महीनों में कभी भी राशि चुका सकेंगे। वहीं, प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों को प्रति माह 1500 रुपये की राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की जा रही है।
:: एमपी बना हरित ऊर्जा का पावरहाउस : प्रल्हाद जोशी
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने राज्य सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश राजाभोज की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में सोलर एनर्जी प्रोडक्शन वर्ष 2014 के 2.6 गीगावॉट से बढ़कर अब 157 गीगावॉट तक पहुँच गया है, जिसमें मध्यप्रदेश का योगदान सराहनीय है। उन्होंने मध्यप्रदेश को अगले दो वर्षों में पवन ऊर्जा क्षमता को 10 गीगावॉट तक बढ़ाने का लक्ष्य रखने का सुझाव दिया ताकि बिजली उत्पादन की लागत और कम हो सके। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सोलर ऊर्जा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति-पत्र सौंपे तथा छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए हेलमेट वितरित किए।

