काव्य कुँअर 2026 में नवोदित कवियों का सम्मान, लेखन में ‘बेचैनी’ को बताया कविता की आत्मा

इंदौर

23 रचनाकारों को काव्य दीप सम्मान, देवकृष्ण व्यास को स्वर्णाक्षर सम्मान प्रदान ::
इंदौर । सुप्रसिद्ध कवि डॉ. कुँअर बेचैन की जन्म जयंती पर मातृभाषा उन्नयन संस्थान एवं डॉ. कुँअर बेचैन स्मृति न्यास (ऑस्ट्रेलिया) के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को प्रीतमलाल दुआ सभागार में काव्य कुँअर 2026 एवं काव्य दीप सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 23 नवोदित कवियों को काव्य दीप सम्मान से सम्मानित किया गया, जबकि वरिष्ठ कवि देवकृष्ण व्यास को स्वर्णाक्षर सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद शंकर लालवानी रहे, जबकि अध्यक्षता देवकृष्ण व्यास ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पत्रकार हरिश फतेहचन्दानी और गीतकार अमन अक्षर उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत प्रदीप जोशी, नितेश गुप्ता, संजय त्रिपाठी एवं डॉ. संध्या सिलावट ने किया। कार्यक्रम का शब्द स्वागत मातृभाषा उन्नयन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ ने किया।
कार्यक्रम में भरत कुमार उपाध्याय ने डॉ. कुँअर बेचैन के साहित्यिक जीवन पर प्रकाश डाला। इसके बाद अतिथियों ने देवकृष्ण व्यास को स्वर्णाक्षर सम्मान से सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि शंकर लालवानी ने कहा कि अमृतकाल के भारत में युवा रचनाकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है और उन्हें अपने कार्य से पहचान बनानी चाहिए। पत्रकार हरिश फतेहचन्दानी ने कहा कि कवियों को निर्भीक होकर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति समाज तक पहुँचानी चाहिए। गीतकार अमन अक्षर ने डॉ. कुँअर बेचैन को याद करते हुए कहा कि उनकी सहजता और सरल लेखन आज भी प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए देवकृष्ण व्यास ने कहा कि जब तक लेखक के भीतर बेचैनी नहीं होगी, वह सच्चा कवि नहीं बन सकता। उन्होंने कहा कि लेखन में राष्ट्रभाव सर्वोपरि होना चाहिए और तालियों को कविता की सफलता का पैमाना नहीं माना जा सकता।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अखिलेश राव ने किया तथा आभार चेतन जोशी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर अनेक साहित्यकार एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
:: सम्मानित कवि ::
कार्यक्रम में काव्य दीप सम्मान से उज्जैन के प्रशांत व्यास ‘रुद्र’, फतेहपुर के सुंदरम फतेहपुरी, नरसिंहपुर की मेघा मिश्रा, बालाघाट की माही शुक्ला, आष्टा के अंकित शर्मा, मंदसौर के अभिषेक सोलंकी व सुभाष बोराना, सनावद के गौरव पटेल नीलकंठ व श्रीधरा पटेल, सोनगढ़ के नारायण कुमावत, सिवनी के राज तेकाम, कसरावद के गौतम रावल, टोकसर के अजय वर्मा तथा इंदौर के प्रशांत राव चौरसे, हिमांशु मंगला वर्मा, पवन जोशी, कुलश्रेष्ठ शर्मा, प्राची शर्मा, निशिका नागर, डॉ. आभांश शर्मा, गोपाल सोलंकी इंदौरी, विशाल शर्मा ‘जानिब’ एवं यश शुक्ला को सम्मानित किया गया।